शामली में पुलिस लाइन में व्यापारियों की बैठक लेते सीओ सिटी बिजेंद्र भड़ाना
- फोटो : SHAMLI
शामली। सीओ यातायात बिजेंद्र सिंह भड़ाना ने व्यापारियों से कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए अतिक्रमण न करके पुलिस का सहयोग करें। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं को सुनकर उनका जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया।
पुलिस लाइन सभागार में बृहस्पतिवार को सीओ बिजेंद्र सिंह भड़ाना ने व्यापारियों के साथ बैठक की। बैठक में यातायात पुलिस ने व्यापारियों के साथ यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारू बनाने के लिए चर्चा की। सीओ ने कहा कि त्योहारी सीजन शुरू हो गया है। इस दौरान यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने में व्यापारी पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने व्यापारियों से सड़क व बाजार पर अतिक्रमण न करने का अनुरोध किया। इस दौरान सीओ ने व्यापारियों की यातायात संबंधी समस्याओं को सुना।
व्यापारियों ने ट्रक चालकों पर लगातार प्रेशर हॉर्न बजाने की समस्या के समाधान की मांग की। बुलेट बाइक से पटाखा छोड़ने और सीबी गुप्ता कालोनी में कोचिंग सेंटरों के आसपास युवकों के जमावड़ा रहने और शहर में पार्किंग न होने आदि समस्याओं को उठाते हुए समाधान की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि दीपावली पर कई दिन पहले से बाजार में ई रिक्शा और दुपहिया वाहन बंद कर दिए जाते हैं, जिससे व्यापार प्रभावित होता है। उन्होंने मांग रखी कि दीपावली से दो दिन पहले ई रिक्शा बंद की जाए और दुपहिया वाहन को न रोका जाए। सीओ यातायात ने यातायात प्रभारी संजय राणा को समस्याओं के जल्द निस्तारण के निर्देश दिए। इस अवसर पर घनश्यामदास गर्ग, सूर्यवीर सिंह, राकेश गोयल, नरेंद्र संगल, उमेश कुमार, महेश धीमान और सुभाष धीमान आदि व्यापारी मौजूद रहे।