शामली। यूपी रोडवेज की इलेक्ट्रिक बसों का जलालाबाद में डिपो बनने की तैयारियां शुरू हो गई है। दीपावली तक चार्जिंग पॉइंट लगाए जाने के बाद 20 इलेक्ट्रिक बसों का आवंटन किया जाएगा। इन बसों का संचालन जलालाबाद से शामली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, पानीपत और दिल्ली रूट पर होगा।
यात्रियों को आधुनिक और सुविधा युक्त सफर दिलाने के लिए यूपी रोडवेज ने इलेक्ट्रिक बस संचालन की कार्य योजना पर तेजी से काम शुरू कर दिया है। अभी तक यूपी के अयोध्या, लखनऊ और वाराणसी जैसे बड़े शहरों में इलेक्ट्रिक बसें दौड़ रही हैं, लेकिन अब पश्चिमी यूपी के शामली जिले को भी यह सुविधा मिलने जा रही है। यूपी रोडवेज के एआरएम प्रशांत कुमार ने बताया कि 20 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन जलालाबाद डिपो से किया जाएगा। इसके लिए चार्जिंग पॉइंट जलालाबाद बस स्टेशन में बनाया जा रहा है। संभावना है कि दीपावली के बाद जिले में इन इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।