- किला परिवार का दस वर्षों से चला रहा था वर्चस्व, पिछले चुनाव में दूसरे नंबर पर रहे थे जहीर
- पिछले चुनाव का बदला लेकर अब्दुल गफ्फार को हराया, जीत के बाद मनाया जश्न
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद। जलालाबाद नगर निकाय चुनाव में किले परिवार का पिछले 10 वर्षों से चला आ रहा वर्चस्व शनिवार को खत्म हो गया। बसपा प्रत्याशी जहीर मलिक ने गठबंधन प्रत्याशी और वर्तमान विधायक अशरफ अली खान के खास अब्दुल गफ्फार उर्फ पप्पू को 1578 मतों से हराकर अध्यक्ष पद की कुर्सी पर कब्जा जमाया और पिछले चुनाव की हार का बदला इस बार लेकर जीत दर्ज की।
मतगणना शुरू होने के साथ ही जहीर मलिक ने बढ़त बनानी शुरू कर दी थी। पहले चरण की मतगणना में बसपा प्रत्याशी 2013 व गठबंधन प्रत्याशी को 1771 वोट मिले। जिसमें जहीर मलिक ने 232 मतों से बढ़त बना ली थी। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। हालांकि दूसरे राउंड में उन्हें गठबंधन प्रत्याशी के मुकाबले सात वोट कम मिले। लेकिन तीसरे व चौथे चरण की मतगणना में वह बढ़त बनाते चले गए। इस दौरान जहां भाजपा प्रत्याशी बबली कश्यप को 1198 वोट मिले। वहीं गठबंधन प्रत्याशी को 5776 वोट मिले। इस दौरान बसपा प्रत्याशी जहीर मलिक 7354 वोट लेकर 1578 वोट के अंतराल से विजयी घोषित हुए। जहीर मलिक की जीत से उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है। इस मौके पर समर्थकों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया। बता दें कि इससे पहले चुनाव में अब्दुल गफ्फार अपने प्रतिद्वंदी जहीर मलिक को हराकर अध्यक्ष पद की कुर्सी पर काबिज हुए थे। उससे पहले विधायक अशरफ अली की पत्नी रमा अशरफ कस्बे की चेयरमैन थी।