-वार्ड सभासद ने अधिकारियों से शिकायत कर पुलिया निर्माण करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाभवन। कस्बे के मेन बस स्टैंड के पास अग्रवाल काॅलोनी की पुलिया का निर्माण न होने से नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड सभासद ने संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर पुलिया निर्माण करने की मांग की है।
थानाभवन के अग्रवाल कॉलोनी निवासी वार्ड सभासद अंशुल गर्ग ने बताया कि यह आवासीय कॉलोनी है। इस कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर दिल्ली-सहारनपुर राजमार्ग 709-बी हाईवे निर्माण का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। यहां पर स्थित पुलिया के दोनों ओर नालों का निर्माण पक्का करा दिया गया है, लेकिन पुलिया को अधूरा छोड़ दिया। वहीं पानी भर जाने के कारण पुलिया धंस गई है। यहां बरसात होने पर अग्रवाल कालोनी स्थित मकानों में पानी भर जाता है। मामले को लेकर नगर पंचायत को कई बार पत्र देकर पुलिया के निर्माण की मांग की गई, लेकिन कोई कार्रवाई तक नहीं हो सकी। मामले में नगर पंचायत का कहना है कि पुलिया का निर्माण पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा किया जाना है। यह उनके क्षेत्र में नहीं आता। मामले में नगर वासियों ने संबंधित अधिकारियों को भी पत्र लिखा, परंतु उसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। वार्ड सभासद अंशुल गर्ग ने डीएम शामली व एनएचएआई कार्यालय में पत्र भेजकर निर्माण की मांग की है।