लाइनलॉस 15 प्रतिशत से नीचे लाएं : ऊर्जा मंत्री
शामली। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये जिलों के हाई लाइन लॉस वाले शहरी व ग्रामीण उपकेंद्रों की समीक्षा की। उन्होंने हाई लॉस वाले उपकेंद्रों को रेड कैटेगरी से ग्रीन कैटेगरी में लाने और सस्ती व निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए। इस कार्य में लापरवाही बरतने वालों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये शामली जिले केखंदरावली व कैराना देवी मंदिर, सहारनपुर के सांपला रोड व अंबाला रोड, बागपत टाउन, बागपत के संतनगर बिजनौर के खाईखेड़ी व बिजनौर, बुलंदशहर के चिरौरी व टीपी नगर, हापुड़ के हरौरा व रामपुर रोड, मेरठ के हर्रा व सूरजकुंड,, मुजफ्फरनगर के हरसौली व सुजडू, अमरोहा के ईडीएसडी ताहरपुर व अहरोई, अमरोहा के ईडीएसडी ताहरपुर व अहरोई, मुरादाबाद के सुल्तानपुर दोस्त बिजली उपकेंद्रों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से सभी चिह्नित उपकेंद्रों की लाइन हानियों को 15 फीसदी से नीचे ले आने के निर्देश दिए। जिससे सस्ती, पर्याप्त और निर्बाध विद्युत आपूर्ति का संकल्प पूरा करने में आसानी हो। उन्होंनेे कहा कि लाइन लॉस कम करने के लिए बिजली चोरी पर रोक लगना और समय पर बिल जमा करना बेहद जरूरी है। अधिक बिल आने की शिकायतों को गंभीरता से लें और उनका समाधान करते हुए उपभोक्ता को संतुष्ट करें। उपभोक्ता को गलत बिल मिला है तो संबंधित क्षेत्र की बिलिंग एजेंसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएं। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि अधिकारी उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर भी अपने पास रखें।