सेना के हास्पिटल में उपचार कराता कैराना के तीतरवाडा निवासी आर्मी का सिपाही इसरान अली चौहान-सोशल
कैराना (शामली)। जम्मू के कुलगाम में आतंकियों से चल रही मुठभेड़ के दौरान कैराना के तितरवाड़ा निवासी सेना के सिपाही इसरान अली चौहान और उनके साथियों ने दो आतंकियों को ढेर कर दिया। जबकि इसरान तीन गोली लगने के कारण घायल हो गए। मुठभेड़ में घायल सेना के जवान की बहादुरी की गांव में चर्चा हो रही है। ग्रामीण उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं।
28 सितंबर को जम्मू के कुलगाम में सेना के जवान और आतंकियों की मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में कैराना कोतवाली के गांव तितरवाड़ा निवासी सेना के जवान इसरान अली चौहान भी शामिल थे। परिजनों के अनुसार मुठभेड़ में आतंकियों की गोलीबारी में इसरान को तीन गोलियां लगीं, लेकिन साहस कम नहीं हुआ तथा बहादुर जवान ने आतंकियों के दांत खट्टे कर दिए। करीब 10 घंटे चली मुठभेड़ में दो आतंकियों को ढेर कर दिया। बाद में बहादुर जवान को सेना के अन्य जवानों द्वारा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जिनका उपचार चल रहा है। इसकी सूचना तितरवाड़ा में परिजनों को भी दी गई है, जिसके बाद परिजन भी बहादुर जवान का कुशलक्षेम जानने के लिए हॉस्पिटल में रवाना हो गए हैं।
वहीं, गांव में घायल जवान इसरान अली चौहान की बहादुरी की चर्चाएं हो रही है। इसके अलावा लोग ईश्वर से बहादुर जवान के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं।
गांव तीतरवाडा के ग्राम प्रधान पति दिलशाद ने बताया कि इसरान अली चौहान शुरू से ही बहादुर हैं। इसरान चौहान के एक छोटा भाई पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा है। इसरान अली चौहान के पिता एक किसान है। बहनों की शादी हो चुकी है।