शामली। भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने विद्युत निगम के अवर अभियंताओं द्वारा लोगों को परेशान करने और गड़बड़ी करने के आरोपों पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ऐसे अवर अभियंताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएं। वहीं, एबीएसए ऊन द्वारा शिक्षकों के अवकाश पर जाने के दौरान वेतन काटने और फिर वेतन दिलाने में कमीशन लेने के मामले पर गंभीरता से जांच कराने का निर्देश दिया।
मंगलवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक हुई। इसमें भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने एक एक करके सभी विभागों से संचालित योजनाओं की प्रगति जानी। इस दौरान उन्होंने विद्युत निगम द्वारा बरती जा रही लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि चौतरा कलरी गांव में विभाग ने ट्रांसफार्मर और खंभे तो लगा दिए, लेकिन विद्युत आपूर्ति नहीं हो रही है।
इसके अलावा विद्युत बिल बकायादारों के कनेक्शन काटने में भी पक्षपात के आरोप लगातार अवर अभियंताओं पर लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अवर अभियंताओं के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई कराई जाए। वहीं, उन्होंने काठा नाला से सिंचाई के लिए व्यवस्था कराने के उद्देश्य से चेकडेम बनवाने की बात कही।
भाजपा विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने एबीएसए ऊन योगेश गुप्ता के खिलाफ मिली शिकायत पर गंभीरता से जांच कराने की बात कही। आरोप है कि चिकित्सकीय अवकाश पर जाने वाले अध्यापकों का एबीएसए वेतन काट रहे हैं तथा वेतन दिलाने में कमीशन ली जा रही है। इस मामले में बीएसए को गंभीरता से जांच करने के लिए कहा गया। इस दौरान विद्युत निगम, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, सिंचाई विभाग, समाज कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों से संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई। इसके अलावा मृदा परीक्षण के लिए कैराना स्थित मृदा परीक्षण केंद्र को उच्चीकृत करने पर विचार किया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। यदि कोई अधिकारी लापरवाही करेगा, तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। बैठक में पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल, जिला पंचायत अध्यक्ष पति प्रसन्न चौधरी, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता सुनील कपूर, जिला विकास अधिकारी बलराम कुमार, सीएमओ राजकुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सरकारी जमीनों का कराएं सर्वेक्षण
सांसद ने कहा कि जिले में सरकारी जमीन की कमी नहीं है, लेकिन विभागीय अधिकारी उसे तलाश नहीं रहे हैं तथा अवैध कब्जे नहीं हटवाए जा रहे हैं। यमुना खादर क्षेत्र में करीब 600 बीघा जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है, उसे हटवाया जाए। साथ ही खुरगान में 400 बीघा और भूरा गांव में भी इसी तरह सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा है।
इन जमीनों के लिए सर्वेक्षण कराया जाए। वहीं, सिंचाई विभाग द्वारा शामली में रेलपार पंजाबी कालोनी के लोगों को भेजे गए नोटिस पर विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि जो लोग पाकिस्तान से विस्थापित होकर आए, उन्हें यहां रहने को जमीन मिली। राजवाहे की पटरी चौड़ीकरण के लिए किनारे की जमीन से अतिक्रमण हटवाया जाए, लेकिन पंजाबी कॉलोनी के लोगों के आवास नहीं छिनने चाहिए।ं
बाईपास का शीघ्र निर्माण कराएं
शामली। कैराना के पूर्व विधायक एवं नगर पालिका परिषद शामली की चेयरपर्सन के पति राजेश्वर बंसल ने भाजपा सांसद हुकुम सिंह और विधायक तेजेंद्र निर्वाल को मांग पत्र दिया। इसमें कहा कि शामली में बाईपास निर्माण के लिए 80 प्रतिशत बैनामे हो चुके हैं, बाकी बैनामे कराकर बाईपास का निर्माण कराया जाए, ताकि शहरवासियों को जाम की समस्या से निजात मिल सके।
वहीं, बुढ़ाना रोड रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण भी लंबे समय से प्रस्तावित है, लेकिन बन नहीं रहा। शामली से दिल्ली तक बस सेवा शुरू कराने और शामली से करनाल उत्तर प्रदेश परिवहन बस सेवा शुरू कराई जानी जरूरी है। उन्होंने पानीपत रोड यमुना पुल पर हरियाणा की तरफ टोल टैक्स वसूली पर सवाल उठाया। कहा कि करनाल रोड पर ऐसी कोई वसूली नहीं है, तो पानीपत रोड पर क्यों होती है।
वहां वसूली के कारण कई कई घंटे ट्रैफिक जाम रहता है। इसके अलावा उन्होंने हरियाणा की तरफ से दो से तीन ट्राली एक ही ट्रैक्टर में जोड़कर लाए जा रहे गन्ने के संबंध में कहा कि यह गन्ना उत्तराखंड जाता है, जबकि शामली जिले में ही चीनी मिलों से इसकी खरीद कराई जा सकती है। इससे सड़कों की हालत खराब होने से बचेगी और हादसों का खतरा भी कम होगा। सांसद ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास चल रहा है, जल्दी ही रिजल्ट सामने आएगा।