शामली। प्राथमिक विद्यालय नंबर 15 गुलशन नगर शामली में खंड शिक्षा अधिकारी शामली सीमा चौहान ने बुक हॉस्पिटल का अनावरण किया।
प्रधानाध्यापक नीरज गोयल ने हाल ही में विद्यालय को प्रिंट रिच वातावरण, बच्चों के हस्तनिर्मित पुस्तकालय के अलावा नई थीम बुक हॉस्पिटल की स्थापना की है। बृहस्पतिवार को खंड शिक्षा अधिकारी सीमा चौहान ने बुक हॉस्पिटल का अनावरण किया। प्रधानाध्यापक ने बताया कि बुक हॉस्पिटल की जो अवधारणा है, उसके मुताबिक छोटे बच्चे अपनी किताबों और कॉपियों को खराब कर देते हैं। उनको ठीक करने के लिए ही बुक हॉस्पिटल की स्थापना की गई है। इसमें कक्षा चार और पांच के कुछ बच्चों द्वारा छोटे बच्चों की खराब की गई किताबों की सिलाई, उनकी मरम्मत और जिल्द चढ़ाकर उन्हें वापस किया जाता है। इससे किताबें फिर से नई जैसी लगने लगतीं हैं। बच्चे जो सामान उपयोग करते हैं, वह विद्यालय स्तर से ही बच्चों को दिया जाता है।
खंड शिक्षा अधिकारी सीमा चौहान ने बुक हॉस्पिटल की प्रशंसा करते हुए बताया कि यह पूरे प्रदेश में सबसे अलग थीम है, जिससे सबसे पहले इस विद्यालय में लागू किया गया है। इससे आपस में मेलजोल की भावना का विकास होने के साथ बच्चे अपने किताबों को सुरक्षा को लेकर जागरूक रहते हैं। खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय के प्रिंट रिच वातावरण से सुसज्जित पेंटिंग्स का अवलोकन करते हुए प्रशंसा की। इस अवसर पर बच्चों के अभिभावक, शिक्षा मित्र नाजिया, भोजनमाता पवित्रा देवी, बृजेश देवी और दिव्यांग बच्चों के शिक्षक सचिन कुमार व अखिलेश मौर्या मौजूद रहे।