शामली। यूपी बोर्ड के साथ ही सीबीएसई की परीक्षाएं खत्म होने जा रही है। अब परिणाम आने और नए सत्र में प्रवेश के लिए लगभग तीन महीने का समय बाकी है। ऐसे में छात्र-छात्राएं शॉर्ट टर्म कोर्सेज को तलाश रहे हैं। विशेषज्ञों ने कंप्यूटर प्रशिक्षण के साथ ही इंग्लिश स्पीकिंग और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर ध्यान देने की बात कही है। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं नौ मार्च को समाप्त हो चुकी है। सीबीएसई की परीक्षाएं भी जल्द ही समाप्त हो रही है। ऐसे में अब छात्र-छात्राओं के सामने परीक्षा परिणाम आने से पहले तीन महीने में कौनसा कोर्स कर सकते हैं अभिभावक और छात्र इसके लिए सजग रहे हैं।
राजकीय हाईस्कूल पावटी कला के प्राचार्य अमित मलिक ने बताया कि बोर्ड परीक्षार्थी तीन महीने में कंप्यूटर कोर्स कर सकते हैं। कंप्यूटर का सीसीसी कोर्स कई परीक्षाओं के लिए उपयोगी है। आरके कॉलेज के अंग्रेजी प्रवक्ता नवाब सिंह का कहना है कि आज के युग में अच्छी नौकरी पाने के लिए अंग्रेजी बोलना बहुत ही जरूरी है। अच्छी नौकरी पाने के लिए खाली तीन माह में सभी छात्र-छात्रा इंग्लिश स्पीकिंग का कोर्स कर अंग्रेजी बोलना सीख सकते हैं।