शामली। शहर से होकर जाने वाले कांवड़ियों का सैलाब उमड़ रहा है। सड़कों पर केसरिया रंग छा रहा है। शिवभक्तों के पैरों में छाले पड़े हैं लेकिन जुबां पर भोले के जयकारे है। कांवड़िये भोले की भक्ति में लीन होकर अपने कदम आगे बढ़ाए जा रहे हैं। हर तरफ बोल बम हर हर महादेव की गूंज सुनाई दे रही और शहर का माहौल पूरी तरह शिवमय बना हुआ है। जिले से होकर अब तक 28 हजार से ज्यादा कांवड़िये निकल चुके हैं।
सावन मास की कांवड़ यात्रा 22 जुलाई से शुरू हुई थी। हरिद्वार व गोमुख से कांवड़ में पवित्र गंगाजल लेकर आने वाले शिवभक्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शामली जिले से होकर हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश आदि राज्यों के कांवड़िये अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं।
शनिवार को जिले की सड़कों पर कांवड़ियों को सैलाब उमड़ना शुरू हो गया है। हर तरफ केसरिया रंग छाने लगा है। गर्मी और उमस भी कांविड़यों के कदमों को नहीं रोक पा रही है। शिवभक्त भोले की भक्ति में लीन होकर चले जा रहे हैं। गर्मी के कारण भोले के भक्तों के पैरों में छाले तक पड़ गए हैं, लेकिन जुबां पर भोले के जयकारों के साथ आगे बढ़ रहे हैं। शहर में हर तरफ बोल बम, हर हर महादेव की गूंज सुनाई दे रही है। रविवार को कांविड़यों की संख्या और ज्यादा बढ़ने की उम्मीद है। नगरपालिका के कर्मचारियों द्वारा की जा रही गणना में अब तक जिले से 28 हजार से ज्यादा कांवड़िए शामली से होकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं।
कांविड़यों की संख्या बढ़ने से पुलिस प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कता
कांवड़ियों की संख्या जैसे-जैसे बढ़ रही है, वैसे ही सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन भी सतर्कता बरत रहा है। पुलिस ने शहर के मध्य से होकर जाने वाले मार्ग को वन वे कर दिया है। चार पहिया वाहनों की आवाजाही रोक दी है। मुख्य मार्ग को जोड़ने वाले अन्य मार्गों से चार पहिया वाहनों को रोकने के लिए बेरिकेडिंग व रस्सी बांधी गई है। उधर, कांवड़ सेवा शिविरों, बस अड्डों व स्टेशन पर पुलिस व खुफिया टीमें भी सक्रिय है और निगरानी कर रही है। ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की जा रही है।
कांवड़ियों के जाने का सिलसिला भी हुआ शुरू
शामली। शिवरात्रि के नजदीक आने पर जिले से हरिद्वार, ऋषिकेश, गंगोत्री व गोमुख से गंगाजल लाने वाले कांवड़ियों का स्टेशन, बस अड्डों पर कांविड़यों की संख्या बढ़ रही है। बसों, ट्रेनों में शनिवार को बड़ी संख्या में कांवड़िएं गंगाजल लेेने के लिए रवाना हुए है। पूरा दिन शहर, बस अड्ड़ा और स्टेशन पर बोल बम-बम बम की गूंज सुनाई दे रही।
शामली में जाती भोले शंकर की झांकी