पुत्री को वन विभाग का अधिकारी बताकर लोगों को कर रहा ब्लैकमेल
शामली, गढ़ीपुख्ता। क्षेत्र के गांव पेलखा के प्रधान व अन्य ग्रामीणों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर पुत्री को वन विभाग में अधिकारी बताकर ग्रामीणों को लकड़ी काटने के नाम पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए वन रेंजर से शिकायत की है। चेतावनी दी कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई न हुई तो डीएम से मामले की शिकायत करेंगे।
बुधवार को गांव पेलखा के प्रधान अंशु जाखड़ व कई ग्रामीणों ने ऊन स्थित वन रेंजर अधिकारी से मिलकर उन्हें एक प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि गांव मालेंडी निवासी माममचंद चौधरी का 12 अक्तूबर को निधन हो गया था। उनके अंतिम संस्कार के लिए सूखे पड़े शीशम के पेड़ से नीचे जमीन पर गिरी सूखी शाखाएं के अलावा अन्य लकड़ी एकत्र कर ट्रैक्टर ट्राली से श्मशान घाट ले जाई गईं थीं। लेकिन गांव पेलखा निवासी एक व्यक्ति ने ट्रैक्टर-ट्राली में रखी गई सूखी लकड़ियों की वीडियो व फोटो बनाकर वन विभाग के अधिकारियों को भेज दी। जिसके बाद कुछ अधिकारी श्मशान पहुंचे। जांच में वहां उन्हें हरे पेड़ की शाखाएं व अन्य प्रतिबंधित लकड़ी नहीं मिली। जिसके बाद टीम लौट गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी अपनी पुत्री को वन विभाग में अधिकारी बताकर ग्रामीणों को आए दिन ब्लैकमेल करता रहता है। उसने ग्रामीणों का जीना दुश्वार कर रखा है। ग्रामीणों ने वन रेंजर से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई। वन रेंजर ने ग्रामीणों को मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
इस मौके पर हरबीर सिंह, बालेंद्र सिंह, जितेंद्र, राजीव, कंवरपाल, आनंद पाल, कृष्णपाल, सहदेव सिंह, ओमपाल सिंह सहित अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे।