शामली। पूरे दिन कलक्ट्रेट धरना-प्रदर्शन से गूंजता रहा। बकाया गन्ना भुगतान और मौजूदा पेराई सत्र के लिए गन्ना मूल्य घोषित नहीं किए जाने के विरोध में भाकियू कार्यकर्ताओं ने पांच सूत्री मांगों को लेकर गन्ने की होली जलाई। गुस्साएं किसान कलक्ट्रेट में भैंसा बुग्गी लेकर घुस गए। कलक्ट्रेट में भाकियू का झंडा बांध दिया गया।
मंगलवार को कलक्ट्रेट में रजिस्ट्री कार्यालय के बाहर भाकियू कार्यकर्ताओं का पांच सूत्री मांगो को लेकर चौथे दिन भी धरना-प्रदर्शन जारी रहा। सुबह 10:30 बजे गुस्साए भाकियू कार्यकर्ता भैंसा बुग्गी लेकर कलक्ट्रेट में घुस गए। किसानों ने गन्ने की होली जलाकर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
इस मौके पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट की छत पर अपना झंडा बांध दिया। भाकियू जिलाध्यक्ष प्रदीप चौधरी की अध्यक्षता में चले धरना-प्रदर्शन में वर्ष 2016-17 का गन्ना मूल्य घोषित किए जाने, पिछले वर्ष का बकाया गन्ना भुगतान तुरंत कराए जाने, बिजली निगम द्वारा किसानों पर बकाया बिलो को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है, उनपर तुरंत रोक लगाने, समन शुल्क की वसूली बंद करने, ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ी हुई बिजली दर तुरंत वापस लिए जाने की मांग की है।
धरना-प्रदर्शन में प्रदीप चौधरी, ओमवीर सिंह, कुलदीप पंवार, कपिल खाटियान, रामू निर्वाल, पुष्पेंद्र निर्वाल, विनोद निर्वाल, विवेक कालखंडे , पद्मसिंह कैड़ी, अजयवीर त्यागी, अक्षय राणा, अमित निर्वाल, रामेश्वर प्रधान, शाता प्रधान, प्रमोद कुमार, तेजपाल समेत किसान मौजूद रहे।