-श्रमिक दिवस के मौके पर भैंसवाल गांव में हुई सभा
संवाद न्यूज एजेंसी
फोटो समाचार
शामली। श्रमिक दिवस के मौके पर भैंसवाल गांव में सपा मजदूर सभा की बैठक हुई, जिसमें सपा के वरिष्ठ नेता प्रो. सुधीर पंवार ने कहा कि भाजपा सरकार मेें खेत मजदूरों और श्रमिकों का शोषण बढ़ा है। आय की असमानता बढ़ने से देश के संसाधनों पर पूंजीवादी व्यवस्था का कब्जा हुआ है। पूर्व सरकारों के बनाए गए सरकारी एवं सार्वजनिक उपक्रमों को ओने-पौने दामों पर पूंजीपतियों को बेचा जा रहा है।
सोमवार को मई दिवस के मौके पर समाजवादी पार्टी मजदूर सभा की बैठक में सपा के वरिष्ठ नेता प्राेफेसर सुधीर पंवार ने कहा कि आज क्लास-3 व 4 की नौकरियों को समाप्त कर उनके स्थान पर एक तिहाई वेतन पर आउटसोर्सिंग के माध्यम से श्रमिकों की भर्ती की जा रही है, जिससे श्रम क़ानूनों का लाभ कार्मिकों को न मिल सके। उन्होंने कहा कि मज़दूरों के हित समाजवादी व्यवस्था में ही सुरक्षित हैं। अखिलेश यादव सरकार ने श्रमिकों के हित में कई नीतियां बनाकर उन्हें लागू किया था। इस मौके पर सपा के जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी ने कहा कि देश में अधिकांश आबादी अकुशल एवं अर्द्धकुशल मज़दूरों की है, जो असंगठित क्षेत्र में काम करते हैं। समाजवादी पार्टी मज़दूर सभा के जिलाध्यक्ष देवेंद्र वालिया ने बताया कि दुनिया भर के मज़दूरों के लम्बे संघर्षों के बाद काम के घंटे नियमित करने, साप्ताहिक अवकाश रखने, दुर्घटना का मुआवज़ा देने सहित श्रमिकों के कल्याण के लिए अनेक कानून बने। इस मौके पर सुरेद्र ताना योगराज सिंह, बिट्टू ताना, नमित पंवार, प्रियांशु पंवार, पवन, विश्वजीत, राजीव, भोपाल कश्यप, संजीव, बिजेंद्र पंवार, विश्वजीत, खुशनूद, दिनेश शर्मा, जयसिंह, कृष्णा, श्रीपाल आदि उपस्थित रहे।
- इंद्रपाल सिंह पांचाल