शामली। जिला विद्यालय निरीक्षक ने नए शिक्षा सत्र को लेकर जनपद के 95 कॉलेजों के प्रधानाचार्यों की बैठक ली। जिसमें प्रदेश सरकार द्वारा दिए गए निर्देशों से अवगत कराते हुए 15 दिन के अंदर बायोमैट्रिक मशीन से हाजिरी शुरू करने के निर्देश दिए गए।
शनिवार को वीवी इंटर कॉलेज में उन्होंने नए सत्र में प्रदेश सरकार द्वारा किए गए बदलावों से अवगत कराया। प्रधानाचार्यों को सभी कॉलेजों में हर हाल में 15 दिन के अंदर बायोमैट्रिक मशीन से शिक्षकों की हाजिरी लगवाने की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। जिसमें आने-जाने का समय दर्ज होगा।
कहा कि सभी प्रधानाचार्य सुबह 7:30 पर अपने ऑफिस में पहुंचें। हर दिन कॉलेज शुरू होने से पहले कक्षा और परिसर के साथ ही शौचालयों की सफाई कराई जाए। सभी शिक्षक प्रार्थना में उपस्थित रहें और बच्चों को हर रोज प्रार्थना स्थल पर महापुरुषों के जीवन से अवगत कराएं।
कॉलेज में पाठ्यक्रम के अनुसार वाद विवाद, भाषण, पोस्टर, निबंध, अंताक्षरी, खेल गतिविधियों का नियमित आयोजन किया जाए। वर्ष में दो बार मई और जनवरी माह में अध्यापक व अभिभावक एसोसिएशन की बैठक की जाए। कॉलेज में विज्ञान क्लब का गठन कर छात्रों को मॉडल बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
सभी कॉलेजों की पत्रिका छपवाई जाए और सभी कॉलेजों में दाखिले अप्रैल माह से ही शुरू कर दिए जाएं। सभी कॉलेजों में सीसीटीवी की व्यवस्था की जाए। आरटीआई के तहत मांगी गई सूचना का हर हाल में जवाब दिया जाए। इस दौरान डीसी मदनपाल, एसके आर्य, रुचिता ढाका, दिनेश, प्रदीप, महर्षि कश्यप आदि मौजूद रहे।