सड़क पर बाइक सवार गंभीर हालत में मिला
कैराना। शनिवार सुबह करीब 5.30 बजे शामली रोड पर मन्ना माजरा के निकट बाइक सवार युवक गंभीर हालत में सड़क पर पड़ा मिला। निकट ही उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी थी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। सिर में गंभीर चोट के कारण उसे शामली रेफर कर दिया। वहां से भी गंभीर हालत के चलते उसे मेरठ रेफर कर दिया। सरकारी अस्पताल के डाक्टर विकास चंद्रा ने बताया कि घायल की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसका नाम साजिद निवासी मुजफ्फरनगर है। घायल के मोबाइल से उसके परिजनों को सूचना दे दी गई।
लॉकडाउन में 50 बाइकों के टायर पंक्चर किए
कैराना। लॉकडाउन में कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने सुबह बेवजह सड़कों पर घूम रहे लोगों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने चौक बाजार, बेगमपुरा, जोड़िया कुआं आदि क्षेत्रों में बाइक सवारों को रोककर उनके आने का कारण पूछा। सही कारण नहीं मिलने पर पुलिस ने करीब 50 बाइकों के टायर पंक्चर कर दिए।