थानाभवन। क्षेत्र के गांव महावतपुर निवासी श्रीपाल पुत्र मेहताब सिंह (70) मंगलवार को अपनी बहन से मिलने गढ़ी पुख़्ता थाना क्षेत्र के गांव लव्वा मुंडेट जा रहा था। जैसे ही वह अपनी बाइक के साथ मानकपुर गांव के समीप पहुंचा तो उसी समय सामने से आ रही एक कार ने श्रीपाल की बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल को सामुदायिक चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलने पर मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर नहीं आई है, लेकिन पुलिस कार की तलाश कर रही है।