कोहरे में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत
शामली। झिंझाना थाना क्षेत्र में मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव मन्नूगढ़ के निकट घने कोहरे में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक करनाल में सुरक्षा गार्ड था और अपने घर जा रहा था।
चौकी इंचार्ज पवन सैनी ने बताया कि परिजनों के मुताबिक गांव गागौर निवासी महिपाल (50 वर्ष) हरियाणा के करनाल शहर में सुरक्षा गार्ड के रूप में नौकरी करता था। मंगलवार को वह बाइक पर सवार होकर अपने गांव गागौर जा रहा था। सुबह करीब नौ बजे हाईवे पर झिंझाना थाने की बिडौली चौकी क्षेत्र में गांव मन्नूगढ़ के निकट ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को ऊन के अस्पताल में भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।। जबकि हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक समेत फरार हो गया। मृतक के पास मिले कागजों के आधार पर उसकी शनाख्त हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।