कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
कैराना। झिंझाना रोड पर कार की टक्कर से 32 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि उसके साथी को मामूली चोटें आई। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया और कार को कब्जे में ले लिया। रविवार रात करीब 8 बजे गांव दभेडी खुर्द निवासी 32 वर्षीय अनुज अपने साथी सुमित के साथ बाइक से कैराना से अपने गांव जा रहा था। झिंझाना रोड पर नाहिद कॉलोनी के पास विपरीत दिशा से आ रही कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी जिससे अनुज गंभीर रूप से घायल हो गया और सुमित को भी मामूली चोट आई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और कार को कब्जे में ले लिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने अनुज को मृत घोषित कर दिया जबकि सुमित को प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया। मृतक अनुज मजदूरी करता था और उसे तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। वहीं पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया। मामले में अभी तक तहरीर नहीं दी गई। मृतक के भाई पंकज ने बताया कि उससे भाई ने हेलमेट पहन रखा था लेकिन उसके बावजूद भी सिर में गंभीर चोटें आई थी।