जलालाबाद। गंगोह से दिल्ली जा रहे पत्ता गोभी से लदे ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत हो गई। झिंझाना थाने के गांव दथेड़ा निवासी प्रेम (55) अपनी पुत्रवधू मोनिका, उसकी दो वर्ष की पुत्री के साथ बाइक से अपने गांव जा रहा था। तीतरो मार्ग पर गंगोह की ओर से आ रहे पत्ता गोभी से लदे ट्रक ने जलालाबाद चौकी क्षेत्र के गांव अहमदपुर के निकट प्रेम व एक अन्य बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। दूसरी बाइक पर अपने गांव सोहजनी उमरपुर जा रहे उस्मान (40), सावेज (18) सवार थे। दुर्घटना में दथेड़ा निवासी प्रेम की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी पुत्रवधू, छोटी बच्ची व दूसरी बाइक पर सवार दोनों गंभीर घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक पलट गया और चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। ट्रक में बैठे पल्लेदारों को ट्रक के पलट जाने पर आसपास के लोगों ने बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहां से गंभीर रूप में घायलों को हायर सेंटर रेंफर कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
-------------------
ट्राले की साइड लगने से दो कारें भिड़ीं, बच्ची घायल
कैराना। पानीपत रोड पर पंजीठ के पास ट्राले की साइड लगने के बाद दो कारों की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में पांच माह की बच्ची घायल हो गई। मंगलवार शाम पांच बजे हरियाणा का भिवानी निवासी अंकुर कैराना ससुराल से अपनी पत्नी गजल व दो बच्चों को साथ लेकर कार से भिवानी जा रहा था। पानीपत रोड पर गांव पंजीठ के पास पीछे से आ रहे ट्राले ने उनकी कार में साइड मार दी, जिससे कार सड़क पर ही घूम गई तथा पानीपत से बिजनौर जा रहे वाजिद की कार से टकरा गई। दुर्घटना में दोनों कार बुरी तरह क्षतिगस्त हो गई तथा अंकुर की पांच माह की बेटी घायल हो गई। हादसे के बाद चालक ट्राला लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर अंकुर के ससुराल पक्ष के लोग व पुलिस मौके पर पहुंची तथा बच्ची का डाक्टर से इलाज कराया। संवाद