ईंट भट्ठा मजदूर से बाइक और नकदी लूटी
कांधला। क्षेत्र के गांव मीमला मार्ग पर तीन बदमाशों ने भट्ठा मजदूर से मारपीट कर बाइक व नगदी लूट ली। पुलिस के साथ एएसपी ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
थाना क्षेत्र के गांव किवाना पर स्थित एक ईट भट्ठे पर गांव किवाना निवासी कासिम ने ईंट पथाई का कार्य करता है। सोमवार रात को रोज की तरह भट्ठे से काम समाप्त करके अपने घर जा रहा था, लेकिन उसे किसी कार्य के लिए गांव मीमला जाना पड़ा। पीड़ित के अनुसार जब वह मीमला मार्ग की तरफ जा रहा था तो रात करीब नौ बजे तीन बदमाशों ने उसकी बाइक को रुकवा लिया और मारपीट कर बदमाशों ने उसकी बाइक, एक हजार नकदी लूट ली और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। लूट की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। एएसपी ओपी सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। काफी देर तक बदमाशों की तलाश में कांबिंग की गई, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। पीड़ित कासिम ने लूट की सूचना पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ कैराना बिजेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। लूट का खुलासा करने के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।