शामली। लंबी प्रतीक्षा के बाद भैंसवाल खेल स्टेडियम की नवरात्र में आन लाइन भूमि पूजन की तैयारियां शुरू हो गई है। खेल स्टेडियम के लिए दो करोड़ रुपये की धनराशि बजट के रूप में अवमुक्त हो चुकी है।
भैंसवाल में खेल स्टेडियम के लिए पांच हेक्टेयर भूमि आरक्षित है। दो माह पूर्व यूपी कैबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में खेल विभाग को जिला प्रशासन से भूमि हस्तांतरित हो चुकी है। वहीं जिला प्रशासन खेल विभाग और निर्माण एजेंसी को कब्जा दिला चुका है। निर्माण एजेंसी दिल्ली के जवाहरलाल खेल स्टेडियम दिल्ली की तर्ज पर भैंसवाल खेल स्टेडियम का डिजाइन तैयार करके शासन को भेज चुकी है। उपक्रीड़ा अधिकारी अश्वनी कुमार त्यागी ने बताया कि श्री दुर्गा नवरात्र में भैसवाल खेल स्टेडियम का आनलाइन भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शासन से आनलाइन कार्यक्रम की अनुमति जिला प्रशासन से मांगी जा रही है। निर्माण एजेंसी की ओर से स्टेडियम की खाली भूमि में मजदूरों और कर्मचारियों के निर्माण के लिए आवास बना दिए हैं। निर्माण एजेंसी की ओर से भैंसवाल खेल स्टेडियम की चाहरदीवारी का प्राथमिकता के आधार पर सबसे पहला निर्माण कराया जाएगा।