भारसी की टीम ने जीता कबड्डी का पहला मैच
कांधला (शामली)। गांव भारसी में दो दिवसीय चौधरी चरण सिंह कबड्डी प्रतियोगिता के पहले मैच में भारसी की टीम ने बसी को सात अंकों से पराजित किया। कोरोना संक्रमण काल के बाद कबड्डी की यह बड़ी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
गांव भारसी नहर पटरी के समीप शनिवार को दो दिवसीय चौधरी चरण सिंह कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष पति प्रसन्न चौधरी ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। हम सबको मिलकर ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को निखारने की जरूरत है।
प्रतियोगिता में प्रथम मैच बागपत के गांव बसी और भारसी के बीच खेला गया। भारसी की टीम ने सात अंकों से जीत हासिल की। एक के बाद एक सात टीमों ने प्रथम दिन मैच खेले। विजयी टीम को आगे के लिए मौका दिया गया। आयोजक टीम से संदीप प्रधान खलीफा ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 51 हजार, द्वितीय 31 हजार व तृतीय पुरस्कार 21 हजार है। दो दिवसीय मैच में खिलाड़ियों के ठहरने व खाने आदि की व्यवस्था कोरोना काल में नियमानुसार की गई है।
प्रतियोगिता में जनपद के साथ ही नोयडा, दिल्ली, गाजियाबाद, हरियाणा राज्य से खिलाड़ी प्रतिभाग करने के लिए आए हैं। शुभारंभ पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पदमवीर सिंह, धर्मवीर सिंह, राष्ट्रीय खिलाड़ी रविंद्र सिंह, जसवीर सिंह व कबड्डी फेडरेशन सचिव शामली ओम सिंह वर्मा, पूर्व प्रधान पप्पू, महकार सिंह, राकेश पंवार आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजक संदीप प्रधान, अरुण, अरविंद, मनुज, मनोज, जीतराम ठेकेदार, धर्मेंद्र, अनिल, यशपाल का सहयोग रहा।
कोरोना ने खिलाड़ियों को खेल से कर दिया दूर
कांधला। गांव भारसी में कबड्डी प्रतियोगिता में कोरोना से बचाव के लिए इंतजाम किए गए हैं। बसी टीम के कोच उपेंद्र ने बताया कि कोरोना के बाद यह पहला मैच है, जिसमें कई टीम प्रतिभाग कर रही हैं। आयोजक टीम से अरुण कुमार ने बताया कि जरूरी सावधानियों के साथ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।