धूमधाम से मनाया गया भाई दूज का त्यौहार
शामली/गढ़ीपुख्ता/कैराना जिले भर में भाई दूज का पर्व धूमधाम से मनाया गया। बहनों ने भाई के माथे पर अक्षत तिलक किया, आरती उतारी, मिठाई खिलाई और दीर्घायु की कामना की। वहीं भाइयों ने बहनों को आकर्षक उपहार प्रदान किए। इस मौके पर बाजार में भी भारी भीड़ रही।
भैयादूज पर बहनों ने भाईयों की सुख समृद्धि और मंगलकामना के लिए व्रत रखा। कहीं बहनें अपने भाइयों के घर भाई दूज मनाने के लिए पहुंचीं, तो कहीं भाई अपनी बहनों के घर पहुंचे। इस दौरान सुबह से ही बाजार में भीड़ रही। बहनों ने अपने भाइयों के लिए मिठाई, गोला आदि की खरीदारी की। भाइयों ने अपनी बहनों की पसंद के उपहार खरीदे। बहनों ने अपने भाइयों को रोली, चावल से तिलक किया, आरती उतारी और मिठाई खिलाई। साथ ही भाइयों की सुख, समृद्धि और लंबी उम्र की कामना की। भाइयों ने बहनों को आकर्षक उपहार प्रदान किए तथा रक्षा का संकल्प लिया।
गढ़ीपुख्ता एवं ग्रामीण क्षेत्र में भैया दूज का पर्व बहनों ने अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु और सुखी जीवन की कामना कर मनाया। भैया दूज के अवसर पर कस्बे के बाजारों में रौनक रही। काफी संख्या में भाइयों ने एक दिन पहले बुधवार के दिन ही बहनों के घर जाना शुरू कर दिया था। इसके बाद भी बृहस्पतिवार को बस स्टैंड पर भारी भीड़ नजर आई। बसों में सीट फुल होने पर सवारिया बसों में अंदर खड़े होने के बाद भी काफी संख्या में सवारी बसों का इंतजार करते दिखे। बाजारों में भी खील बताशे नारियल की जमकर खरीदारी हुई पंच दिवसीय दीपोत्सव का अंतिम पर्व भाई दूज धूमधाम से मनाया गया।
कैराना में भाई बहन के अटूट प्यार का त्योहार क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भैया दूज के त्योहार के चलते सवारी बसों में काफी भीड़ रही। भाई बहन के अटूट प्यार का त्यौहार क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने अपने भाई के माथे पर तिलक लगाया और उन्हें नारियल व मिठाई भेंट करते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को मिठाई, वस्त्र व अन्य उपहार भेंट किए।
- मिठाई और गोलों की खूब हुई बिक्री
दीपावली के पंच महोत्सव के अंतिम दिन मिठाइयों की दुकानों पर एक बार फिर भीड़ रही। भाइयों के लिए बहनों ने जमकर मिठाई खरीदी। इसके अलावा नारियल गोला और बताशे की दुकानों पर भी खूब भीड़ रही। गोला की मांग कई गुना बढ़ गई। बाजार में बहनों के उपहार के लिए लोगों की साड़ी, रेडीमेड गारमेंट, सराफ आदि की दुकानों से भी काफी खरीदारी की गई।
- बसों, ट्रेनों में रही भीड़
उल्लास के साथ मनाया भैया दूज पर्व
शामली/थानाभवन। भैया दूज के पर्व पर रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर सुबह से भीड़ रही। भैया दूज पर्व पर रोडवेज बसों के चक्कर बढ़ाने के बावजूद यात्रियों की बस स्टैंड पर काफी भीड़ रही। जैसे-तैसे यात्री बसों में सवार हुए। रेलवे स्टेशन का भी यही हाल रहा। टैक्सी स्टैंड पर भी कोई टैक्सी नजर नहीं आई।
भाइयों के दीर्घायु की कामना की
ऊन। भाई बहन के स्नेह व अटूट विश्वास के प्रतीक भैया दूज का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही भाइयों ने बहनों के घर पहुंच कर मिठाई व खील बताशे दिए। बहनों ने भी भाइयों को तिलक कर उनके दीर्घायु और स्वास्थ्य की कामना की। भाइयों ने भी बहनों की रक्षा का वचन दिया बहनों ने भाइयों को गोला भेंट कर उनके लिए दुआएं मांगी। सुबह से ही सड़कों पर वाहनों की भारी आवाजाही शुरू हो गई थी। प्राइवेट बस चालकों ने बसों के चक्कर बढ़ाएं लेकिन क्षेत्र में मार्गों की हालत खस्ता होने के कारण कई मार्गों पर प्राइवेट बसें नहीं चली। जिससे लोगों को आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ऊन चौसाना मार्ग पर रास्ता खराब होने के कारण डग्गामार वाहनों व ई-रिक्शा से गंतव्य पर जाना पड़ा।
शामली में भैया दूज पर भाई को तिलक करती बहन।- फोटो : SHAMLI
शामली में भैया दूज पर भाई को तिलक करती बहन।- फोटो : SHAMLI
शामली में भैया दूज पर भाई को तिलक करती बहन।- फोटो : SHAMLI
शामली में भैया दूज पर भाई को तिलक करती बहनें।- फोटो : SHAMLI