कांधला (शामली)। गांव गढ़ीश्याम में छात्रा सोनी की हत्या के बाद से गम और गुस्से का माहौल है। रविवार को छात्रा सोनी की रस्म तेरहवीं पर विभिन्न राजनीतिक दलों के लोगों ने श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने हत्यारोपी को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की।
वक्ताओं ने हत्याकांड के अन्य आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के साथ ही उन पर रासुका लगाने की वकालत की। वक्ताओं ने कहा कि इस केस में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाई जाए। कश्यप समाज के लोगों ने मांगें पूरी नहीं होने पर 21 दिसंबर को जिला मुख्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है। बागपत जिले के रमाला में आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का घेराव करने का निर्णय लिया गया।
रविवार को गांव गढ़ीश्याम में छात्रा सोनी की रस्म तेरहवीं और श्रद्धांजलि सभा में अन्य जनपदों के भी लोगों ने शिरकत की। सभा में नीटू कश्यप, चतर सिंह गाजियाबाद, सत्यवीर कश्यप लिसाढ़, विकास नाला, सरदार सिंह नाला आदि ने कहा कि छात्रा की हत्या एक जघन्य वारदात है। हम सब पीड़ित परिवार के साथ हैं। पूर्व में जब छात्रा के साथ छेड़छाड़ हुई थी, उसमें फैसला कराने वाले और पुलिस भी बराबर की दोषी है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता भी नहीं दी गई है।
छात्रा की हत्या के बाद पुलिस का रवैया काफी ढुलमुल है, जिससे समाज के लोगों में आक्रोश है। जिला पंचायत सदस्य मनीष चौहान ने कहा कि बेटी कश्यप समाज की नहीं, बल्कि सभी समाज के लोग उसके अभिभावक हैं। अपराधी की कोई धर्म जाति नहीं होती, हम पीड़ित परिवार के साथ हैं।
उन्होंने मंच से पीड़ित परिवार के लिए 51 हजार रुपये देने की घोषणा कर दी, जिस पर बखेड़ा खड़ा हो गया। कश्यप समाज के लोगों ने शोर मचाते हुए कहा कि उन्हें मदद नहीं आरोपी को फांसी चाहिए। शोक सभा में सभी ने शासन प्रशासन से आरोपी के विरुद्ध रासुका और पॉक्सो एक्ट के तहत की मांग की। सभा के दौरान सभी ने एकमत होकर निर्णय लिया कि उनकी मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो 21 दिसंबर को जिला मुख्यालय का घेराव किया जाएगा। जनपद बागपत के रमाला में आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का घेराव भी किया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों और नेताओं के बयान
शामली से भाजपा विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने कहा कि सोनी कश्यप समाज की बेटी नहीं, अपितु सर्वसमाज की बेटी थी। घटना की जितनी निंदा की जाए वह कम होगी। रासुका के तहत पुलिस ने कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। परिवार की मदद के लिए हम हमेशा तैयार हैं। मुख्यमंत्री के सामने प्रकरण को रखकर पीड़ित को हर संभव मदद दिलाई जाएगी।
पूर्व सांसद ने हत्या पर आक्रोश जताया
पूर्व सांसद नरेंद्र कश्यप ने कहा कि शामली और मुजफ्फरनगर में कई बड़ी वारदात कश्यप समाज के लोगों के साथ हो चुकी हैं। हमारे समाज को कमजोर समझा जा रहा है। ऐसा कार्य न करो कि एक बार फिर से कोई फूलन देवी तैयार हो जाए। जागरूकता और हौसले की समाज को जरूरत है। हमारा समाज अन्याय से नहीं लड़ता, तभी ऐसी वारदात हो रही है। छात्रा की हत्या के मामले में आरोपी को फांसी की सजा सुनाए जाने तक अपना खून ठंडा मत होने देना। छात्रा की हत्या एक तालिबानी हमले का जीता जागता उदाहरण है। सबके सहयोग से ही छात्रा सोनी को न्याय मिल पाएगा। आज समाज को एकलव्य की जरूरत नहीं है, बल्कि अर्जुन की जरूरत है।
जिला पंचायत सदस्य मनीष चौहान ने कहा कि बाहर से आए सभी लोगों का हम सम्मान करते हैं। हमें भी घटना पर बेहद दुख है। छात्रा के परिवार को इंसाफ दिलाने तक लड़ाई लड़ी जाएगी। आरोपी की कोई धर्म जाति नहीं होती। उन्होंने कहा कि गांव से एक समिति बनाओ, हम उसके साथ मिलकर इस लड़ाई को लखनऊ तक लड़ने का काम करेंगे।
--
दिल्ली से आए भाजपा नेता ओमपाल कश्यप ने कहा कि सोनी हत्याकांड निर्भया जैसा ही है। हम इस लड़ाई को दिल्ली राजपथ से कैंडल मार्च निकालते हुए प्रारंभ करेंगे। परिवार को हरसंभव मदद व आरोपी को फांसी की सजा की मांग केंद्र सरकार से की जाएगी।
--
भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रामजीलाल कश्यप ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा के लिए हमें जागरूक होना होगा। अपनी बेटियों के अंदर हिम्मत दें। उन्हें आत्मसुरक्षा के गुर सिखाएं। क्योंकि आज के समय में हमें आत्मरक्षा के लिए तैयार रहना होगा। हम सरकार से परिवार की मदद व आरोपी को सख्त सजा दिलाने की मांग करेंगे।
गाजियाबाद से आए एमएलसी सुरेश कश्यप ने कहा कि समाज के लोगों को एकजुट होकर इस मुसीबत की घड़ी में पीड़ित परिवार का साथ देना है। हम परिवार को हरसंभव मदद दिलाने के लिए संघर्ष करेंगे।
सभा के दौरान टूटा विद्युत तार
कांधला (शामली)। अधिवक्ता रामकुमार कश्यप ने कहा कि पूरी लापरवाही पुलिस प्रशासन की रही है। जिले के दोनों अधिकारी पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। शिकायत 100 डायल पर भी होने पर कार्रवाई नहीं हुई। उस समय तैनात सिपाही बर्खास्त हों । उन्होंने यहां तक कह डाला कि इस घोर अपराध को लेकर डीएम से एसडीएम व एसपी से लेकर थाने के सभी पुलिसकर्मियों पर जुर्माना लगाया जाना चाहिए। उन्होंने पूरे कांधला थाने को बर्खास्त किए जाने की मांग मंच से कर डाली।
कांधला। पूर्व सांसद नरेंद्र कश्यप का संबोधन पूरा होने पर शोक सभा में दो मिनट के मौन किए जाने की घोषणा कर दी, जिसमें वहां पर मौजूद सभी लोग भड़क उठे। उन्होंने कहा कि जब हमें बोलने का मौका नहीं देना था, तो उन्हें यहां पर क्यों बुलाया गया। शोक सभा में वीर सिंह कश्यप, कंवरपाल कश्यप, बिजेन्द्र कश्यप, विनोद कश्यप, कर्मवीर कश्यप, नरेश सैनी, सत्यवीर कश्यप, अनिल कश्यप् दिल्ली, पवन कश्यप, सुनील जाटव सहित आदि लोग मौजूद रहे। उधर, शोकसभा में सुरक्षा के चलते थाना प्रभारी ओपी चौधरी अपनी टीम के साथ में वहां पर मौजूद रहे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से स्वास्थ्य संबंधी सुरक्षा के लिए प्रशासन के द्वारा एंबुलेंस भी वहां पर भेजी गई थी।