शामली। जनपद में लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देकर जागरूक करने के लिए 11 से 17 नवंबर तक विशेष सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
एआरटीओ मुंशीलाल ने बताया कि विशेष सड़क सुरक्षा सप्ताह में हर दिन अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसकी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। इसके हत 11 नवंबर को पहले दिन सिल्वर बेल्स पब्लिक स्कूल में जनपद स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। जिसमें जनपद के सभी ऑटो मोबाइल्स डीलर, ओपरेटर, यूनियन संस्थाएं और समितियों के पदाधिकारी शामिल होंगे। इसमें सड़क दुर्घटना होने के कारण, बचाव आदि की जानकारी दी जाएगी। 12 नवंबर को यातायात नियमों का पालन के लिए विद्यालयों के सहयोग से सड़क सुरक्षा रैली निकाली जाएगी।
13 नवंबर को जनपद में सदर तहसील को छोड़कर अन्य सभी तहसीलों में परिवहन विभाग की देखरेख में स्टेक होल्डर्स की सड़क सुरक्षा संबंधी नियमों पर चर्चा की जाएगी। 14 नवंबर को कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों की सड़क सुरक्षा विषय पर भाषण, चित्रकला, रंगोली और क्विज प्रतियोगिता की जाएगी। 15 नवंबर को चालकों हेतु स्वास्थ्य शिविर, 16 नवंबर को चालकों-परिचालकों में सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता लाने हेतु डिपो में कार्यशाला और 17 नवंबर को सुबह को बाइक रैली निकाली जाएगी और शाम को कैंडल मार्च निकालकर सड़क सुरक्षा सप्ताह का समापन किया जाएगा।