संवाद न्यूज एजेंसी
झिंझाना। प्रतिबंधित पॉलिथीन और डिस्पोजल क्रॉकरी को समाप्त करना नगर प्रशासन और व्यापारियों के बीच गले की फांस बनता दिखाई दे रहा है। नगर पंचायत की टीम द्वारा चलाए गए चेकिंग अभियान में कुछ व्यापारियों ने घर में अवैध रूप से घुसकर बदसलूकी करने के आरोप नगर पंचायत की टीम पर लगाए हैं। इसी बात को लेकर कस्बे के सैकड़ों व्यापारियों ने आज नगर पंचायत कार्यालय का घेराव किया। जिसमें अधिशासी अधिकारी के कर्मचारियों की ओर से माफी मांगने पर मामला निपट गया।
कस्बे के दोनों व्यापार मंडल के नगर अध्यक्षों आशीष मित्तल और विनोद कुमार संगल के नेतृत्व में काफी संख्या में व्यापारी नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। आशीष मित्तल ने आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार को नगर पंचायत की टीम ने विपिन गुप्ता के घर में घुसकर चेकिंग के नाम पर अनाधिकृत रूप से प्रवेश किया और बदसलूकी की। इसके अलावा संजय मित्तल, बॉबी, रीनू से भी बदसलूकी किए जाने का आरोप लगाया। इसके जवाब में अधिशासी अधिकारी योगेंद्र कुमार सिंह ने कर्मचारियों की ओर से माफी मांगी।
बृहस्पतिवार को नगर पंचायत की एक टीम ने विपिन गुप्ता पेंट वालों की दुकान पर छापा मारकर करीब 14 किलो पॉलिथीन पकड़ी थी। इसके अलावा विपिन उर्फ बीरे पंसारी की दुकान से भी 12 पेटी डिस्पोजल गिलास पकड़े गए थे । कर्मचारी के अनुसार 6 पेटी जब्त कर ली गई थी। इन दोनों पर 25-25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया था । विपिन पेंट वालों के मकान के बाहरी हिस्से में ही रंग रोगन की दुकान है। बताया गया कि दुकान पर चेकिंग की सूचना आते ही लड़का पॉलिथीन के बंडल लेकर अंदर घर में घुस गया था। इसलिए टीम का कोई एक कर्मचारी भी उसके पीछे अंदर घुसा था। जिस वजह से घर में घुसने का आरोप लगाया गया है। अधिशासी अधिकारी योगेंद्र कुमार का कहना है कि कर्मचारियों के व्यवहार का मुझे खेद है, लेकिन सभी दुकानदारों से भी अपील है कि वह अपने प्रतिष्ठान पर पॉलिथीन न रखें और न प्रयोग करें।