रविवार को खुले बैंक, पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था की मांग को लेकर आज से तीन दिन हड़ताल पर रहेंगे बैंक कर्मचारी
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था की मांग को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर सोमवार से बैंकों की तीन दिवसीय हड़ताल शुरू होगी। हड़ताल से पहले रविवार को अवकाश के दिन जिले में बैंक खुले रहे। बैंक कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर और काले कपड़े पहनकर काम किया। इस दौरान बैंकों में लेन-देन, चेक जमा करने और आरटीजीएस आदि कार्यों के लिए ग्राहकों की भीड़ लगी रही। बैंक अधिकारियों ने दावा किया कि एटीएम में पर्याप्त धनराशि उपलब्ध रहेगी। एलडीएम अनिल कुमार ने बताया कि रविवार को बैंकों में करीब 250 करोड़ का लेनदेन हुआ है।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर सोमवार से शुरू होने वाली हड़ताल को लेकर रविवार को भी बैंकों में कामकाज हुआ। कर्मचारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत विभिन्न मांगों के समर्थन में विरोध जताते हुए काली पट्टी बांधकर काम किया।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के संयोजक विपिन पूनिया ने बताया कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, पीएलआई की विसंगतियां दूर करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार, मंगलवार और बुधवार को बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह हनुमान रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के बाहर बैंक कर्मचारी प्रदर्शन करेंगे। रविवार को अवकाश होने के बावजूद बैंक खुले रहने से ग्राहकों को बैंकिंग सेवाएं मिलती रहीं। लेन-देन, चेक जमा करने और आरटीजीएस कराने के लिए बैंकों में ग्राहकों की भीड़ दिखाई दी।
12 शाखाओं को छोड़ 80 में हुआ काम
जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक अनिल कुमार ने बताया कि जिले में जिला सहकारी बैंक की 12 शाखाओं को छोड़कर करीब 80 बैंकों में रविवार को कामकाज हुआ। जिला सहकारी बैंक की 12 शाखाओं में हड़ताल के कारण कामकाज प्रभावित रहा। उन्होंने बताया कि सोमवार से शुरू होने वाली तीन दिवसीय हड़ताल को देखते हुए एटीएम स्तर पर आवश्यक नकदी की व्यवस्था करा दी गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी बैंक खुले
झिंझाना/ थानाभवन।कस्बे में रविवार को बैंक खुले रहने पर ग्राहकों की काफी भीड़ रही। एसबीआई के प्रबंधक अमरेश कुमार ने बताया कि तीन दिन की हड़ताल के कारण रविवार को भी बैंक खुले रहे। इस कारण सुबह से ही बैंक में ग्राहकों की भीड़ रही। थानाभवन और जलालाबाद कस्बे में भी रविवार को बैंक खुले रहे। बैंकों में ग्राहकों की भीड़ रही।
शामली में बैंक में काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन करते बैंक कर्मचारी। स्रोत संगठन