शामली। विभिन्न मांगों को लेकर बैंककर्मी हड़ताल पर रहे। जिसके कारण बैंकों में तालाबंदी रही और एटीएम पर भी ताले लटके रहे। जिससे नागरिकों को रुपयों के लेनदेन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बैंकों के बंद रहने से शहर में करीब 50 करोड़ों का कारोबार भी प्रभावित हुआ।
मंगलवार को आठ सूत्रीय मांगो को लेकर यूनाइटिड फोरम आफ बैंक यूनियन और यूपी बैक इंप्लाइज यूनियन के आह्वान पर जिले के बैंकों में हड़ताल रही। बैंकों में तालाबंदी की तख्तियां लटकी देखकर लोग लौट गए।
उपभोक्ताओं ने पैसे निकालने के लिए शहर के बुढ़ाना रोड, एटीएम वर्मा मार्केट, हनुमान रोड स्थित एसबीआई, मार्शगंज मंडी पीएनबी बैंक, सदाराम मार्केट, धीमानपुरा रोड, रेलवे स्टेशन, वीवी इंटर कालेज पर एटीएम में धक्के खाते रहे। थोड़ी देर के लिए सिर्फ कुछ एटीएम पैसा देते दिखाई दिए, लेकिन आधा घंटा बाद भी उनमें कैश खत्म हो गया। वहीं, यूपी इंप्लाइज यूनियन के जिला सचिव इंद्रपाल सिंह राठी ने बताया कि भारत सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध, बैंकिंग में सुधार, ओवर टाइम की प्रति पूर्ति और उपादान की सीमा को हटाए
जाने को लेकर हड़ताल की गई है।
चेतावनी दी कि यदि आठ सूत्रीय मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया तो बैंक कर्मी आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। जिला अग्रणीय बैंक के प्रबंधक हरपाल सिंह तोमर ने बताया कि बैंक की हड़ताल से जिले में 50 करोड़ का लेनदेन प्रभावित हुआ है। बुधवार को बैंक खुलेंगे, जिससे लेनदेन को लेकर उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ेगी।