शामली। जिले में कांवड़ यात्रा मार्ग पर भारी और हल्के वाहनों का संचालन पूरी तरह से रोक दिया गया है। बैरियर लगाकर पुलिस ने वाहनों को रोककर उन्हें वापस कर दिया। पुलिस प्रशासन द्वारा बनाए गए रूट डायवर्जन प्लान के अनुसार ही वाहनों का संचालन किया जा रहा है।
जिले में हरिद्वार से कांवड़ में गंगाजल लेकर आने वाले शिवभक्तों की भीड़ बढ़ती जा रही है। शिवभक्तों की सुरक्षा और सुविधाओं को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पहले से तैयार किए गए रूट डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। कांवड़ मार्ग पर 10 जुलाई की रात 12 बजे से भारी वाहनों का संचालन पहले ही बंद कर किया जा चुका है। अब हल्के वाहनों का संचालन भी कांवड़ मार्ग पर रोक दिया गया है। पुलिस ने डायवर्ट वाले प्वाइंट पर बैरियर लगाकर वाहनों को रोका गया है। इन प्वाइंटों पर साइन बोर्ड व संकेतक लगाए गए हैं ताकि वाहन चालकों व कांवड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो सके। एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर भारी वाहनों के बाद अब हल्के वाहनों का संचालन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।
कांवड़ मार्ग पर दुपहिया वाहन और ई रिक्शा से लग रहा जाम
कांवड़ मार्ग पर रस्सा बैरियर बनाकर कांवड़ियों को सुरक्षित निकालने की व्यवस्था बनाई गई है। इस कारण कैराना मार्ग पर सड़क तंग होने से आने जाने वाले दुपहिया वाहन और ई रिक्शा आमने सामने आने के कारण फंस जाती है, जिससे जाम की स्थिति बन रही है। जाम के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एसपी रामसेवक गौतम का कहना है कि कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने पर जाम की समस्या बनती है तो कांवड़ मार्ग पर ई रिक्शाओं का संचालन भी रोका जाएगा।