बलवा में रेलवे लाइन का निर्माणाधीन पुल
- दक्षिण दिशा के पिलरों पर गर्डर रखने का हुआ कार्य पूरा
विकास की बात
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के बलवा उपरिगामी पुल तैयार होने में अभी छह माह का समय लगेगा। उपरिगामी पुलों की एप्रोच रोड के ऊपर से जा रही हाइटेंशन विद्युत लाइन ऊंचा करने के बाद पुल को वाहनों के आवागमन के लिए खोला जाएगा।
बलवा उपरिगामी पुल की दक्षिण दिशा में गर्डर रखने का कार्य पूरा हो गया है। दूसरी ओर पिलरों पर गर्डर रखने और एप्रोच रोड तैयार का कार्य जारी है। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के दस किमी लंबे वाले बाईपास पर सेहटा और सिंभालका उपरिगामी पुल का कार्य पूरा हो चुका है। बलवा में रेलवे लाइन पर पुल का कार्य पिछले दो साल से रेलवे की अनुमति के कारण अधूरा था। इसी वर्ष 17 जनवरी से उपरिगामी पुल पर गर्डर रखने की अनुमति मिली थी। पिछले सवा माह से पिलरों पर दक्षिणी दिशा में मशीनों से गर्डर रखने का कार्य चल रहा था। दूसरी साइड गर्डर रखने का कार्य भी मार्च के आखिर तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद स्टील गर्डर की सुरक्षा के लिए प्लेट रखकर वेल्डिंग कार्य और स्लैब रखकर लिंटर कार्य पूरा किया जाएगा। बलवा उपरिगामी रेलवे पुल और एप्रोच रोड का निर्माण पूरा होने में कम से कम छह माह लगेंगे।
पुल की एप्रोच रोड के ऊपर से ऊंची होगी हाइटेंशन लाइन
बाईपास की बलवा उपरिगामी पुल की एप्रोच रोड की दोनों ओर बिजली की 33 हजार केवीए हाइटेंशन लाइन गुजर रही है। विद्युत लाइन को ऊंचा करने के बाद यातायात को चालू किया जाएगा। निर्माण एजेंसी और पावर कारपोरेशन के अफसरों के साथ बैठक करके विद्युत आपूर्ति बंद कराई जाएगी। उसके बाद लाइन की ऊंचाई बढ़ाई जाएगी। जिसमें करीब चार माह का समय लगेगा। हालांकि निर्माण एजेंसी के अफसरों का कहना है कि अगले तीन माह में बलवा उपरिगामी पुल एप्रोच रोड का कार्य पूरा हो जाएगा।
पत्थर लगाकर किया रास्ता बंद
बलवा उपरिगामी पुल के दोनों ओर पत्थर लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया है। सर्विस लेन के पास अंडरपास से लिलौन जाने का रास्ता ही खुला है। बलवा गेट और पानीपत-खटीमा हाईवे के बाईपास की ओर से छोटे-बड़े वाहन अंडरपास से आ-जा सकते हैं। उपरिगामी पुल और एप्रोच रोड के कार्य में तेजी से आने-जाने वाले दोपहिया, चौपहिया वाहनों का आवागमन बंद हो गया है। सर्विस रोड से आने-जाने वाले वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।