पिछले साल का 80 करोड़ रुपये का बकाया गन्ना भुगतान के लिए किसानों को अभी इंतजार करना पड़ेगा। शामली चीनी मिल किसानों के दिए गए वादे को भूल गई है। अब शुगर मिल के अधिकारी सॉफ्ट लोन की धनराशि आने के बाद बकाया गन्ना भुुगतान दिलाए जाने का राग अलापने लगे है।
सरशादी लाल समूह की अपर दोआब शुगर मिल और कलक्ट्रेट में वर्ष पेराई सत्र 2017-18 का 80 करोड़ रुपये पिछले साल का बकाया गन्ना भुगतान के लिए किसानों ने शामली चीनी पर आंदोलन किया था। प्रदेश के गन्ना विकास राज्यमंत्री सुरेश राणा और किसानों के साथ वार्ता भी विफल हो गई थी। शामली चीनी मिल द्वारा नए सत्र का 15 करोड़ रुपये दिए जाने व पिछले सत्र का बकाया 80 करोड़ रुपये का भुगतान 11 फरवरी तक दिए जाने के आश्वासन के बाद किसानों ने अपना धरना वापस ले लिया था। आंदोलन समाप्त हुए 14 दिन गुजर गए हैं, मगर शामली चीनी मिल अपने वादे को पूरा नहीं कर पाई है। पिछले साल का शामली चीनी मिल द्वारा बकाया गन्ना भुगतान नहीं होने पर भाकियू राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत 14 फरवरी को कलक्ट्रेट में आंदोलन करने की धमकी दे चुके हैं।
उधर, शामली चीनी मिल के अफसरान साफ्ट लोन की धनराशि आने के बाद किसानों का बकाया गन्ना भुुगतान दिए जाने का राग अलाप रहे हैं। शामली चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक कुलदीप पिलानिया ने बताया कि सॉफ्ट लोन की धनराशि आने के बाद पिछले साले का किसानों का बकाया भुगतान किया जाएगा। जिला गन्ना अधिकारी डॉक्टर अनिल कुमार भारती कहना है कि जिले की चीनी मिलो पर बकाया गन्ना मूल्य भुुगतान के लिए दबाव दिया जा रहा है। शासन द्वारा निजी चीनी मिलों को सॉफ्ट लोन की अधिसूचना सोमवार जारी होनी की सूचना है। इसके चीनी मिलों को 15 दिन मिलेंगे।
प्रशासन ने 15 फरवरी तक दिया है समय
किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सवित मलिक का कहना है कि शामली चीनी मिल ने 11 फरवरी तक पिछले सत्र का भुगतान करने का समय लिया था। जबकि जिला प्रशासन ने 15 फरवरी तक का समय लिया है। किसान यूनियन 15 फरवरी के बाद खापों के चौधरियों की बैठक करके किसान यूनियन शामली तहसील में बकाया गन्ना भुगतान के मुद्दे पर धरना प्रदर्शन शुरू करेगी।
डीएम, गन्ना विकास राज्यमंत्री और मुख्यमंत्री से मिलेंगे किसान
किसान देशपाल राणा का कहना है कि प्रदेश गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा, डीएम अखिलेश कुमार सिंह ने 11 फरवरी का समय दिया था। कहा था कि संपूर्ण बकाया गन्ना भुगतान कर दिया जाएगा। मगर ऐसे नहीं हुआ। मंगलवार को पिछले साल का बकाया गन्ना भुगतान के लिए डीएम अखिलेश कुमार से मिलेंगे। प्रदेश के गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा और मुख्यमंत्री से भी मिला जाएगा। वादा पूरा नहीं होने पर शामली चीनी मिल पर बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
14 फरवरी को होगा कलक्ट्रेट में प्रदर्शन
भाकियू जिलाध्यक्ष राजू अहलावत का कहना है कि 14 फरवरी को कलक्ट्रेट में बकाया गन्ना भुगतान आदि समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।