Shamli News: अहमदाबाद में राष्ट्रविरोधी गतिवधियों के आरोप में आजाद शेख को एटीएस ने गिरफ्तार किया। मंगलवार को उसके पिता सुलेमान को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं पुलिस, एसओजी व जांच एजेंसियों ने परिजनों से लंबी पूछताछ की।
अहमदाबाद में राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के आरोप में झिंझाना निवासी आजाद शेख की गिरफ्तारी के बाद जिले में खुफिया हलचल लगातार बढ़ रही है। मंगलवार को जांच एजेंसियों ने झिंझाना में डेरा डालकर परिजनों से लंबी पूछताछ की। साथ ही आजाद के दोस्तों व संपर्कों की जानकारी जुटाई। इसी बीच आजाद के पिता सुलेमान की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दिनभर कस्बे में एटीएस टीम के आने की चर्चाएं रहीं। हालांकि देर शाम तक टीम नहीं पहुंची।
विज्ञापन
कस्बा झिंझाना के मोहल्ला शेखा मैदान निवासी आजाद शेख को अहमदाबाद एटीएस ने रविवार को गिरफ्तार किया था। परिजनों को एटीएस ने दो बार फोन कर इसकी जानकारी दी। रात में आजाद की फोन पर परिजनों से बात कराई। बड़े भाई शहजाद ने बताया कि आजाद ने फोन पर बताया कि उसका चालान कर दिया गया है और मेडिकल भी हो गया है।
मंगलवार को भी स्थानीय पुलिस, एसओजी और खुफिया एजेंसियों ने झिंझाना में पड़ताल जारी रखी। एजेंसियों ने आजाद के सोशल मीडिया एकाउंट, संपर्क सूची और बैंक खाते की जांच की। उसका एक बैंक खाता ऊन की शाखा में मिला है, जबकि पासपोर्ट के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आजाद की गिरफ्तारी के संबंध में अभी तक एटीएस या किसी अन्य जांच एजेंसी ने आधिकारिक रूप से संपर्क नहीं किया है, लेकिन स्थानीय पुलिस स्तर पर तथ्यों की जांच जारी है।
यदि दोषी है तो फांसी पर लटका दो
आजाद के बड़े भाई शहजाद ने कहा कि उनका भाई पूरी तरह निर्दोष है और उसका किसी भी राष्ट्रविरोधी गतिविधि से कोई लेना-देना नहीं है। अगर वह दोषी साबित होता है तो फांसी पर लटका दो, लेकिन अगर निर्दोष है तो उसे तुरंत रिहा किया जाए।
50 से अधिक नंबर पुलिस और एटीएस के रडार पर
सूत्रों के अनुसार आजाद के संपर्क में रहने वाले 50 से अधिक मोबाइल नंबर अब एटीएस और पुलिस के रडार पर हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि इन्हीं नंबरों से कुछ अहम सुराग हाथ लगेंगे। एटीएस बरामद लैपटॉप की भी जांच कर रही है।