संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। दीपावली और धनतेरस पर ऑटोमोबाइल, सराफा बाजार के साथ ही बर्तन बाजार खूब चमका। व्यापारियों और दुकानदारों ने बताया कि कारोबार अच्छा रहा। वाहनों की खरीद पर जीएसटी छूट का असर दिखाई दिया।
इस बार दीपावली और धनतेरस पर ऑटोमोबाइल, बर्तन और सराफा बाजार व्यापारी अच्छी बिक्री को लेकर काफी खुश नजर आए। झिंझाना रोड स्थित बाइक एजेंसी पर सेल्स मैनेजर अमित शर्मा ने बताया कि त्योहारों के चलते 150 से ज्यादा बाइक व स्कूटर की बुकिंग हुई थी। अधिकतर डिलीवरी धनतेरस और दीपावली के दिन जा चुकी हैं। जीसएसटी में छूट मिलने के कारण इस बार कारोबार अच्छा रहा है। वहीं दिल्ली रोड स्थित एजेंसी पर सेल्स मैनेजर अंकुर ने बताया कि 100 से अधिक बाइक व स्कूटरों की बिक्री हुई।
ग्राहकों ने 10 हजार रुपये तक की छूट का लाभ लिया। वहीं कैराना रोड स्थित कार एजेंसी पर जीएम सुनील मेहरा ने बताया कि 120 कारें बुक हुई थीं, रोज डिवीवरी हो रही है। सबसे अधिक डिलीवरी रविवार को 22 हुई थी। कार पर एक लाख रुपये तक की छूट का लाभ ग्राहकों ने लिया है। वहीं सराफा व्यापारी सुभाष व रोहित जैन के अलावा शभल संगल ने बताया कि सोने-चांदी की महंगाई के बाद भी कारोबार अच्छा रहा। भले ही ग्राहकों ने हल्के गहने खरीदे हों, लेकिन खरीदारी अच्छी रही। बर्तन व्यापारी राहुल व जगेंद्र ने बताया कि धनतेरस के दिन बर्तन का बाजार काफी अच्छा रहा, उम्मीद से अधिक का व्यापार हुआ।