कांधला (शामली)। कस्बे में नहर पटरी के निकट एक्सिस बैंक के एटीएम मशीन में बदमाशों ने तोड़फोड़ कर कैश चोरी करने की कोशिश की। इस बीच गश्त करते हुए पहुंची पुलिस को देखकर बदमाश फरार हो गए।
कस्बे के पूर्वी यमुना नहर पटरी मनकामेश्वर मंदिर के समीप एक्सिस बैंक ने अपना एटीएम लगाया हुआ है। सोमवार रात बदमाश एक्सिस बैंक के एटीएम में पहुंचे और मशीन में तोड़फोड़ करते हुए कैश चोरी करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस की गाड़ी के सायरन के आवाज सुनकर बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अचानक एटीएम से दो लोगों को भागने का शक होने पर उनका पीछा किया। मगर दोनों बदमाश पूर्वी यमुना नहर पटरी के रास्ते जंगल में फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर जाकर एटीएम की जांच की तो वहां पर एटीएम मशीन क्षतिग्रस्त पाया। थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार दुबे ने बताया कि दोनों बदमाशों की तलाश की जा रही है। बदमाशों ने एटीएम तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाने की कोशिश की है, लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते घटना होने से बच गई। बदमाश एटीएम से कैश नहीं ले जा पाए। इस मामले में बैंक अधिकारियों को सूचना दे दी गई है, लेकिन अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के लिए टीम बुधवार को पहुंचेगी। सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों को पहचानने में मदद मिलेगी। उधर, इस मामले में बैंक के शाखा प्रबंधक से वार्ता करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।