हसनपुर लुहारी में माहौल खराब करने की कोशिश
थानाभवन। हसनपुरी लुहारी गांव में माहौल खराब करने की कोशिश की गई। किसी शरारती तत्वों ने धर्मस्थल के समीप मांस का टुकड़ा फेंक दिया, जिससे ग्रामीणों में रोष फैल गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मांस के टुकड़ों को गड्ढा खुदवाकर दबवा दिया। ग्रामीणों ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के गांव हसनपुर लुहारी गांव के एक धर्मस्थल के समीप बुधवार सुबह मांस के टुकड़े पड़े मिले। इसे लेकर ग्रामीणों में रोष फैल गया और पुलिस से शिकायत की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और समझाबुझाकर लोगों को शांत किया। इस दौरान गांव के लोगों ने समीप के ही रहने वाले एक परिवार पर जानबूझकर उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। मौके पर मौजूद समाजसेवी संजय सैनी, आर्येश सैनी, दीपक, समय सिंह आदि ने ग्रामीणों की ओर से तहरीर पुलिस को दी। कादरगढ़ चौकी प्रभारी सचिन पूनिया ने बताया कि जांच के बाद पता चला है कि कुर्बानी के बाद एक व्यक्ति ने तालाब के किनारे बोरी में मीट के टुकड़े डाले थे। पुलिस ने मीट को गड्ढे में दबवा दिया।