मामूली कहासुनी में युवक पर हमला, गंभीर घायल
शामली, कैराना। पुरानी रंजिश को लेकर छह से अधिक आरोपियों ने गांव लौट रहे स्कूटी सवार युवक पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित के भाई ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
सोमवार शामली कोतवाली क्षेत्र के गांव बलवा निवासी इनाम ने तहरीर में बताया कि उसका भाई जावेद गांव अलीपुर के कुछ युवकों के साथ करीब 8 माह पूर्व टाइल पत्थर लगाने का काम करता था। उसी दौरान अलीपुर निवासी युवकों से उसके भाई की कहासुनी हो गई थी। जिस कारण आरोपी उसके भाई से रंजिश रखते थे। दो दिन पहले उसका भाई जावेद गांव अलीपुर में अपनी बहन के घर से रोजा इफ्तार कर वापस गांव बलवा जा रहा था। जैसे ही वह गांव से बाहर माढ़ी के पास पहुंचा तो गांव अलीपुर निवासी करीब छह युवकों ने उसे रोक लिया तथा लाठी-डंडे व पलकटी से उस पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को कैराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था, जहां से उसे मुजफ्फरनगर के लिए रेफर कर दिया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।