थानाभवन। सड़क बनाने को लेकर सोमवार को दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पर हमला कर दिया, जिसमें एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों में दो लोगों को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
क्षेत्र के गांव भैसानी इस्लामपुर निवासी साबिर ने तहरीर देकर बताया कि पिछले कुछ समय से गांव के ही एक पक्ष केे साथ उनका सड़क को लेकर विवाद चल रहा था। उनके घर का दूषित पानी भी उनकी तरफ चला देते थे। सोमवार को जब उन्होंने इसका विरोध किया तो दूसरे पक्ष ने अपनी छत पर चढ़कर पथराव कर दिया। इस दौरान उनके पक्ष से रिहान, साबिर, शाहिद और रूकसाना घायल हो गए। शोरशराबा होने से मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने बीचबचाव कर उनकी जान बचाई। घायलों को कस्बे के सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल साबिर और रिहान को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर रही है।