संवाद न्यूज एजेंसी
कैराना। सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत करने से क्षुब्ध लोगों ने लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दंपती सहित पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया।
गांव गंदराऊ में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत को लेकर दो पक्षों में विवाद है। आरोप है कि शिकायत करने से क्षुब्ध एक पक्ष ने शुक्रवार को शिकायतकर्ता मुस्तकीम व उसके परिजनों पर लाठी-डंडे व धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें मुस्तकीम व उसकी पत्नी इसराना, बेटी धानो, ताऊ जाहिद व तहेरा भाई आसिफ घायल हो गए। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया कि दो दिन पूर्व भी आरोपियों ने जांच करने पहुंची सिंचाई विभाग की टीम के सामने ही शिकायतकर्ता व मौके पर मौजूद युवक को हमला करके घायल कर दिया था। उधर, कोतवाली प्रभारी अनिल कपरवान ने बताया कि एक दिन पहले दोनों पक्षों के विरुद्ध मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। साथ ही दोनों पक्षों के करीब 12 लोगों को मुचलका पाबंद किया गया था। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।