कैराना में खुरगान खनन पॉइंट पर हमले में घायल फरमान-संवाद
कैराना (शामली)। खुरगान रेत खनन पॉइंट पर बिना पैसों के ट्रक में रेत भरने से रोकने पर आरोपियों ने खनन पट्टा प्रबंधक और कर्मचारी पर लाठी डंडों और धारदार हथियारों से हमला घायल कर दिया। आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की जिस पर अफरातफरी मच गई। इस मामले में पुलिस ने खनन पट्टा प्रबंधक की तहरीर पर नौ नामजद और 12 अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की ली।
खुरगान यमुना खादर क्षेत्र में मैसर्स आर्या लॉजिस्टिक्स के नाम पर रेत खनन का पट्टा आवंटित है। शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे खुरगान निवासी बासा का लड़का आजम और तसव्वर ट्रक लेकर खनन पट्टे पर पहुंचे। वे ट्रक में रेत भरवाने लगे। पट्टा प्रबंधक गौतम सिंह ने रेत के पैसे मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज की और अपने आप को स्थानीय बताते हुए रुपये नहीं देने की बात कही। गौतम सिंह ने रेत भरने से इन्कार किया तो आरोपियों ने फोन करके अपने साथियों को बुला लिया।
कुछ देर बाद ही स्कॉर्पियो गाड़ी और बाइकों पर युवक और लाठी-डंडे, धारदार हथियारों से गौतम सिंह और कर्मचारी फरमान पर हमला बोल दिया। इस दौरान अन्य कर्मचारी आए तो हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर रेत के रुपये मांगने पर खून खराबे की धमकी दी। इसके बाद आरोपी तमंचे से फायर करते हुए भाग निकले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। फरमान को रेफर कर दिया गया।
इनके खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी
पुलिस ने गौतम सिंह की तहरीर पर आजम पुत्र बासा, तसव्वर निवासी खुरगान, मुबारिक, माहिर, आजम पुत्र सालिम, आवेश, आस मोहम्मद, सादिक और रिजवान तथा 12 अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
कैराना में खुरगान खनन पॉइंट पर हमले में घायल फरमान-संवाद