कई जिलों में पुलिस की मेल पर रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल करने के आरोपी भाइयों गुलजार और शहजाद से बुुधवार को एसपी और एटीएस ने बंद कमरे में करीब तीन घंटे लंबी पूछताछ की। दोनों भाई यही दोहराते रहे कि वे लोगों को डराने के लिए ही इस तरह की बातें ख्वाब में कहते हैं, लेकिन इतने नंबरों पर उन्होंने ईमेल कैसे किया इस सवाल के जवाब में वे फंसते नजर आए। अब पुलिस उन्हें उनके जैसा ही स्मार्ट मोबाइल फोन देकर उसका प्रयोग कराकर असलियत तक पहुंचने की कोशिश करेगी।
मंगलवार को आठ दिन के पुलिस रिमांड पर आए दोनों भाइयों से बुधवार शाम को पूछताछ के लिए एटीएस भी शामली पहुंच गई। शामली कोतवाली में दोनों भाइयों को रखा गया है। शाम करीब छह बजे एसपी अजय कुमार और एटीएस टीम ने बंद कमरे में दोनों भाइयों से करीब तीन घंटे तक पूछताछ की। एसपी के अनुसार उनसे पूछा गया कि उनके मोबाइल में रिकॉर्ड हुई बातें उन्होंने किसके लिए कही। उनका क्या मकसद है बकौल एसपी उन्होंने यही बताया कि वे ख्वाब में ही ऐसा करते हैैं। ख्वाब देखकर ही वे इस तरह की बातें करते हैं। उनके किस किस से संपर्क हैं, उनके पास कौन कौन मिलने आते थे इस तरह के कई सवाल उनसे कर नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश पुलिस कर रही है। एसपी के अनुुसार जब उनसे पूछा गया कि वे ज्यादा पढ़े लिखे नही हैं तो फिर ईमेल करने के इतने नंबर कैसे मिले। इन नंबरों पर इंगलिश में टाइप करके मेल किस तरह किया तो इस सवाल का वे स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रहे हैं। अब पुलिस इन भाइयों से बरामद मोबाइल की तरह का ही कोई दूसरा मोबाइल लाकर उन्हें देगी और उनसे प्रयोग के तौर पर वो सब कराकर देखेगी जो ये बता रहे हैं। उन्होंने गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में कहा था कि उन्होंने पुलिस कार्यालयों के ईमेल एड्रेस गूगल से लिए थे, एसपी के अनुसार बृहस्पतिवार को मतगणना है इसलिए अब उनसे शुक्रवार को ही सही ढंग से पूछताछ होगी ।