कांधला। डांगरोल गांव में सोते समय गर्भवती महिला की चोटी कट गई। कमरा बंद होने के बावजूद महिला की चोटी कटने की वजह से गांव में तमाम तरह की अफवाहों का बाजार गर्म हो गया। किसी ने ऊपरी साया बताया तो किसी ने कोई चोटी कटने पर शंका जताई।
कांधला क्षेत्र के गांव डांगरोल निवासी नीटू की पत्नी सरिता पांच माह की गर्भवती है। नीटू ने बताया कि उसकी पत्नी सरिता शुक्रवार रात कमरे में सो रही थी। देर रात पत्नी चीख पड़ी और बोली कि मेरे बाल किसी ने खींचे हैं।
नीटू ने बताया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। उसने उठकर पहले तो दरवाजा खोला। फिर देखा तो चारपाई के पास ही उसकी पत्नी सरिता की चोटी पड़ी मिली। इसके बाद नीटू और उसकी पत्नी मकान की प्रथम मंजिल पर अपनी मां के पास गए और घटना के बारे में बताया। उधर, चोटी कटने की बात जैसे ही गांव में फैली तो पीड़ित के घर पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। गांव में घटना घटित होने से लोगों में दहशत पसर गई है।
दो साल पूर्व बधुपुरा और बराला में हुई थी घटनाएं
शामली। चोटी और महिलाओं के कपड़े कटने की घटनाएं इससे पूर्व भी जिले में सामने आ चुकी हैं। सितंबर 2015 में कैराना क्षेत्र के गांव बराला और बधुपुरा में इन घटनाओं का सिलसिला एक सप्ताह तक चला था।
गांव के कई महिलाओं की चोटी काट दी गई थी। दहशत के कारण ग्रामीणों को रात में पहरा तक देना पड़ा था। साथ ही झाड़ फूंक करने वालों की मदद भी ली गई थी। घटनाओं को लेकर कई दिन तक पुलिस भी परेशान रही थी। हालांकि बाद में मामला ठंडा पड़ गया था।
ग्रामीणों के गले नहीं उतर रही घटना
ग्राम प्रधान के पति अमरपाल ने बताया कि इससे पूर्व में गांव में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। यह पहली वारदात है। गांव के ही राजन जावला, अरविंद कुमार, डॉक्टर राजकुमार और वेदप्रकाश का कहना है कि गांव में चोटी कटने की घटना से भय तो है, लेकिन कमरा बंद होने के बावजूद महिला की चोटी कट जाना असंभव लग रहा है। वैज्ञानिक युग में भूत प्रेत और साये की बातें सिर्फ कहानी है, असल में ऐसा नहीं हो सकता।
मकान की छत पर पड़ी मिली महिला की चोटी
शामली/बाबरी। कैंडी निवासी जमशेद का 12 वर्षीय पुत्र हनीफ अपने साथी फरीद के साथ घर की छत पर खेलने के लिए गया था। उसी दौरान दोनों बच्चों ने देखा कि छत पर बालों का गुच्छा पड़ा हुआ था।
बच्चों ने शोर मचा। बच्चों का शोर सुनकर घर में काम कर रही महिलाएं अख्तरी, मुनेजा और फरजाना छत पर गई तो देखा कि एक कटी हुई चोटी पड़ी हुई थी। इस पर महिलाओं ने भी शोर मचा दिया। शोरशराबा होने पर घर के लोग भी आ गए। गांव में चोटी मिलने की सूचना पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण पहुंच गए।
ग्रामीणों ने गांव की महिलाओं से पूछा कि किसी महिला की चोटी तो नहीं कटी। देर रात तक मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र थी, लेकिन छत पर चोटी कहां से आई और किस महिला की चोटी कटी, इस बात का पता नहीं चल सका। गांव में चोटी कटी मिलने से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त हो गई। ब्यूरो