शामली/झिंझाना/थानाभवन/कांधला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केदारनाथ धाम में शंकराचार्य की मूर्ति के अनावरण समारोह का जिले के पांच शिवालयों में लाइव प्रसारण किया गया। थानाभवन में जस्सू वाला मंदिर में भगवान आशुतोष को रुद्राभिषेक किया। मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश को आध्यात्म और राष्ट्रवाद के रास्ते पर आगे बढ़ाने का काम किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केदारनाथ धाम में शंकराचार्य की मूर्ति के अनावरण समारोह के अवसर पर थानाभवन में जस्सू वाला शिव मंदिर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुरेश राणा ने रुद्राभिषेक करके भगवान आशुतोष की पूजा-अर्चना की। झिंझाना में मोहन जोहड़ प्राचीन शिव मंदिर सांसद कैराना प्रदीप चौधरी आशुतोष का रुद्राभिषेक किया। उन्होंने कहा कि 50 लाख की लागत से सांसद निधि से झिंझाना में ऑक्सीजन प्लांट लगाया गया है।
शामली में भाकू वाला शिव मंदिर में भाजपा विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने पत्नी सहित भगवान आशुतोष का रुद्राभिषेक किया। कांधला ब्लाक के शिव मंदिर जसाला में भाजपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने भगवान आशुतोष को रुद्राभिषेक करके मनोकामना मांगी। शामली शहर के सती मंदिर में भाजपा जिला महामंत्री पुनीत द्विवेदी ने शिवालय में पूजा-अर्चना के कार्यक्रम में हिस्सा लिया। सुरक्षा के तौर पर शिवालयों में पुलिस को मुस्तैद किया गया था। नगर पालिका परिषद की ओर से सफाई व्यवस्था कराई गई।