शामली। गर्मी बढ़ने के साथ ही जिला अस्पताल में लगभग 300 मरीज बढ़ गए हैं। ओपीडी में 1300 से अधिक ओपीडी में पहले एक हजार से कम मरीज आ रहे थे। ओपीडी में चिकित्सकों के कक्ष के बाहर भीड़ होने के कारण मरीजों को इलाज के लिए एक से डेढ़ घंटे तक कतार में खड़े रहकर इंतजार करना पड़ा।
जिले में तापमान बढ़ने के साथ ही जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। ओपीडी में सुबह नौ बजे से ही मरीजों की भीड़ लग रही है। चिकित्सकों के कक्ष के बाहर मरीजों की लंबी कतार लग रही है, जिस कारण मरीजों को इलाज के लिए इंतजार करना पड़ा। शुक्रवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 1007 मरीजों के नए पर्चे बने जबकि 300 से ज्यादा मरीज पुराने पर्चे पर इलाज कराने आए।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया कि इस समय गर्मी ज्यादा होने के कारण मरीज बढ़े हैं। इनमें गर्मी के कारण नजला, खांसी, बुखार के मरीज ज्यादा रहे। इस तरह के मौसम में लोगों को खानपान में सावधानी बरतने की जरूरत हैं। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुरागी ने बताया कि बच्चों में नजला, खांसी, बुखार के साथ डायरिया के केस भी आ रहे हैं।