शामली कलेक्ट्रेट सभागार में नियुक्ति पत्रो के साथ एएनएम
शामली। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से जिले की 48 एएनएम को बुधवार को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कलक्ट्रेट सभागार में प्रदेश स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया।
कार्यक्रम में सांसद प्रदीप चौधरी, पूर्व मंत्री सुरेश राणा, पूर्व विधायक तेजेंद्र निर्वाल, डीएम रविंद्र सिंह, एडीएम संतोष कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल, सीएमएस डॉ. अंजू जोधा और नवनियुक्त एएनएम आदि ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। इसके बाद 48 एएनएम को नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया। कार्यक्रम में सांसद प्रदीप चौधरी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में कई महत्वपूर्ण निर्णय सरकार के रहे हैं। उन्होंने नवनियुक्त एएनएम को बधाई देते हुए कहा कि अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए देश को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दें।
पूर्व मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि योगी सरकार में जो काबिल है, उसका ही चयन होता है। स्वास्थ्य सेवा पहले बहुत ही लचर थी, वर्तमान सरकार ने उसको सुधारने का कार्य किया है। जल्द ही प्रदेश के सभी जनपदों में मेडिकल कॉलेज की सुविधा होगी।
पूर्व विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने चयनित स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि समाज सेवा के भाव के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री के विजन को साकार करें।
सीएमओ ने विभागीय कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि 48 एएनएम की नियुक्ति होने से जनपद में जनसामान्य गर्भवती महिलाओं और बच्चों के टीकाकरण में सुविधा होगी। कार्यक्रम का संचालन डीपीएम आशुतोष ने किया।