कैराना और झिंझाना में बिना एस्टीमेट बिजली लाइन खींचने के मामले में ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए एक्सईएन चतुर्थ रवींद्र प्रकाश, एसडीओ ओपी को निलंबित कर दिया। साथ ही, एसई रामकुमार का भी मुजफ्फरनगर ट्रांसफर कर दिया गया। इस मामले में जेई को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। मुख्य अभियन्ता पवन कुमार अग्रवाल ने कहा कि लापरवाही,अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दरअसल, अमर उजाला ने 5 मार्च के अंक में नियमों की अनदेखी कर दे दिए बिजली कनेक्शन नामक शीर्षक से प्रमुखता के साथ खबर प्रकाशित की थी। जिसमें बताया था कि झिंझाना में कोल्हू पर नियम विरुद्ध कनेक्शन दिया गया है। जिसमें एसडीओ से लेकर जेई और अन्य की भी लापरवाही है। एक्सईएन रवींद्र प्रकाश की जांच में भी कनेक्शन नियम विरुद्ध मिला था।
इसी तरह अमर उजाला ने पेज 5 पर ऊर्जा निगम में निकाल दी फर्जी भर्तियां, जांच शुरू नामक शीर्षक से 9 मार्च के अंक में प्रमुखता के साथ खबर प्रकाशित की थी। जिसमें ऊर्जा निगम में कुछ लोगों द्वारा लाइनमैन, मीटर रीडर के पद पर फर्जी भर्ती निकालने का खुलासा किया था। इसके अलावा झिंझाना में उपभोक्ता से रुपये वसूलने का मामला भी अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। इसके अलावा कैराना में भी बिना एस्टीमेट 13 खंभों पर बिजली लाइन खींचने के मामले को प्रमुखता से उठाया गया था।
मुख्य अभियन्ता पवन कुमार अग्रवाल ने बताया कि शामली में लगातार प्रकाश में आ रहे मामलों की जांच कराई गई। जिसमें कैराना और झिंझाना में बिना एस्टीमेट लाइन खींचने के मामले में एक्सईएन चतुर्थ रवींद्र प्रकाश की भूमिका भी सामने आई। क्योंकि उन्होंने ठीक से लाइन के संबंध में सुपरविजन नहीं किया। यदि देखरेख की होती तो लाइन नहीं खींची जाती।
इसके अलावा एसई रामकुमार का ट्रांसफर मुजफ्फरनगर कर दिया गया है। उनके स्थान पर एक्सईएन द्वितीय नरेश कुमार को एसई का चार्ज दिया गया है। इसके अलावा एक्सईएन थर्ड उदय प्रताप का भी ट्रांसफर धामपुर किया गया है। एसडीओ को भी निलंबित किया गया है।कहा कि लापरवाही और अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मातहतों को इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।
जेई को पहले ही किया जा चुका निलंबित
बिना एस्टीमेट के लाइन खींचने के मामले में जेई सुनील कुमार को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। इसके अलावा एसडीओ को भी चार्जशीट किया जा चुका है। इस मामले में ठेकेदार और लाइनमैन के खिलाफ भी मामला दर्ज कराया गया था। जिसकी जांच चल रही है।