ऊन। सहकारी गन्ना विकास समिति में किसानों को सिंचाई हेतु दिए जाने वाले पाइप व डीजल की खरीद में घोटाले तथा शादी, बीमारी के नाम पर चीनी मिल द्वारा दिए गए भुगतान में की गई अनियमितताओं को लेकर किसानों ने उप जिलाधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
सहकारी गन्ना विकास समिति में किसानों को सिंचाई हेतु दिए जाने वाले पाइप की खरीद में घोटाले के आरोप लगे हैं। आरोप है कि समिति हर वर्ष किसानों को अनुदान पर सिंचाई हेतु पाइप (बंबे) दिए जाते हैं, लेकिन इस वर्ष किसानों को पाइप नहीं मिले जबकि समिति द्वारा पाइप खरीदे गए हैं। इसके अलावा ट्रैक्टर से जोताई के नाम पर डीजल की अधिक खरीद दिखाई गई है तथा चीनी मिल द्वारा दिए गए भुगतान में फर्जी तरीके से बीमारी व शादी के नाम पर भुगतान किया गया है। किसानों ने उप जिलाधिकारी निधि भारद्वाज को शिकायत कर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत करने वालों में तेजपाल गुर्जर, संदीप कुमार, पप्पू नायक, रामफल, सलाउद्दीन, देवेंद्र आदि शामिल रहे।