शामली। नगरपालिका परिषद में स्ट्रीट लाइट की खरीद में घोटाला करने का आरोप है। दो सभासदों और एक अन्य ने नगरपालिका के अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी के नाम शिकायती पत्र नगर पालिका कार्यालय में सौंपा है। सभासदों का आरोप है कि बाजार रेट से कई गुना ज्यादा रेट पर स्ट्रीट लाइटें खरीदी गई है।
नगरपालिका के वार्ड 23 के सभासद निशिकांत संगल, वार्ड 16 के सभासद अनिल उपाध्याय और शैलेंद्र निर्वाल ने मंगलवार को पालिकाध्यक्ष अरविंद संगल और अधिशासी अधिकारी रामेंद्र सिंह के नाम उनके कार्यालय पर शिकायती पत्र दिया। शिकायती पत्र में उन्होंने बताया कि नगरपालिका ने 630 नग स्ट्रीट लाइट 45 वाट और 60 वाट की खरीदी है। 400 नग 45 वाट के 5829.20 रुपये प्रति नग के हिसाब से खरीदे गए, जिसकी बाजार की कीमत 999 रुपये है। इसके अलावा 230 नग 60 वाट के 6855.80 रुपये प्रति नग के हिसाब से खरीदा जाना दर्शाया गया है, जबकि बाजार की कीमत 1750 रुपये प्रति नग है। उन्होंने इस मामले का संज्ञान लेने और और इस संबंध में उन्हें भी अवगत कराने की मांग की है।
उधर, इस संबंध में नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी रामेंद्र सिंह का कहना है कि दीपावली से पहले स्ट्रीट लाइटें जैम पोर्टल से टेंडर प्रक्रिया के तहत शासन से अनुबंध के अनुसार खरीदी गई है। अगर इसमें कोई गड़बड़ी हुई है तो उसकी जांच कराई जाएगी।