- सांसद प्रदीप चौधरी ने आम बजट 2023-24 की गिनवाई उपलब्धि
- फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। कैराना सांसद प्रदीप चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार का आम बजट उपलब्धियों भरा और अमृतकाल का पहला बजट है। जिसमें महिलाओं, युवाओं, उद्यमियों, किसानों समेत हर तबके का सरकार ने ध्यान रखा है। उन्होंने कहा कि जिले में केंद्रीय विद्यालय की भूमि आरक्षित है। जल्दी ही केंद्रीय विद्यालय निर्माण की सभी बाधाएं खत्म हो जाएंगी।
कैराना रोड स्थित होटल में पत्रकार वार्ता में सांसद प्रदीप चौधरी ने आम बजट पर चर्चा की। कहा कि 2013-14 के मुकाबले 2023-24 में रेलवे के बजट में नौ गुणा इजाफा हुआ है। रेलवे सेक्टर में भारी बदलाव लाया गया है। इसी बदलाव के तहत दिल्ली-शामली-सहारनपुर रेलवे मार्ग पर ट्रेनों की गति 75 किमी प्रति घंटे से बढ़ाकर 100-110 किमी प्रति घंटे की गई है। बेहतर सुविधाओं के लिए शामली रेलवे स्टेशन को अमृत भारत योजना में शामिल किया गया है। उस्मानपुर और जंधेड़ा हाल्ट की स्वीकृति कराई गई है।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से मिलकर शामली रेलवे स्टेशन को लंबी दूरी की ट्रेनों से जोड़ा जाएगा। मेरठ-पानीपत नई रेलवे लाइन की स्थापना के लिए पर्याप्त बजट दिलाने का काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने आम बजट में महिलाओं को बचत खाते खोलकर आत्मनिर्भर बनाने का काम किया। मिशन कर्मयोगी कर्मचारियों को बढ़ावा देगा। सांसद ने शहर के बुढ़ाना रोड और धीमानपुरा रेलवे फाटकों पर जाम से मुक्ति के लिए उपरिगामी पुल, अंडरपास निर्माण के लिए सुझाव मांगे हैं। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र तोमर, राजकुमार चौहान, अनुराग शर्मा, गुलवीर चौधरी, सुखचैन वालिया आदि भाजपा नेता मौजूद रहे।