शामली। जिले में फिर से मौसम बदला है। बूंदाबांदी के बाद उमस बनने से लोग पसीने की चिपचिपाहट वाली गर्मी से परेशान रहे। अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की कमी आने के बाद भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली। न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई।
मंगलवार शाम को जिले में बूंदाबांदी होने से मौसम में बदलाव आया था। मौसम बदलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली थी। बुधवार सुबह को आसमान में बादल छाये रहे, जिससे बारिश होने की संभावना बन रही थी, लेकिन दस बजे के बाद धूप निकली। धूप के साथ मौसम में उमस बनी रही। दोपहर बाद कभी बादल तो कभी धूप निकली।
उमस के कारण लोग पसीने की चिपचिपाहट वाली गर्मी से परेशान रहें। लोग पंखे व कूलर चलाकर गर्मी से राहत पाने की कोशिश में रहे। पिछले 24 घंटे में जिले के तापमान की स्थिति देखे तो अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस कम होकर 33 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस बढ़कर 27 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा छह किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चलती रही। उधर,
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि 22 जून तक तेज हवा गरज के साथ मध्यम वर्षा होने के आसार बने हुए हैं।