शामली वीवी इंटर कॉलेज रोड पर गन्ने के वाहनो से लगा जाम
शामली। तीसरे दिन भी गन्ने के वाहनों के कारण शहर के मार्गाें पर जाम लगा रहा। जाम में हर कोई फंसा रहा। वाहन चालकों के अलावा स्कूली बच्चों और पैदल यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार से लेकर शनिवार सुबह चार बजे तक अपर दोआब चीनी मिल 18 घंटे तक बद रहने के बाद चालू होने के बाद तीसरे दिन सोमवार को भी शहर में गन्ना लदे वाहनों का रैला रहा। सोमवार सुबह से लेकर पूरे दिन अपर दोआब चीनी मिल शामली के गन्ना यार्ड से लेकर शामली नगर पालिका परिषद, अग्रसेन पार्क, हनुमान रोड, शिव चौक, दूसरी ओर शामली कोतवाली गेट, अस्पताल रोड, वर्मा मार्केट रोड, वीवी इंटर कालेज तक गन्ना लदे वाहनों की लाइन लगी रही। इस दौरान जाम लगने से शामली रेलवे स्टेशन जाने और आने वाली ई-रिक्शाओ और वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शामली गन्ना समिति के विशेष सचिव मुकेश राठी ने बताया कि गन्ने के वाहनों के कारण लग रहे जाम को देखते हुए समिति की ओर से कोई भी इंडेंट जारी नही किया गया है। 18 घंटे शामली चीनी मिल बंद रहने के बाद 34 हजार क्विंटल गन्ना शामली मिल पर रुका रहा है। शामली मिल 38 से लेकर 40 हजार क्विंटल गन्ना प्रतिदिन पेराई कर रही है। दूसरी ओर शामली चीनी मिल के गन्ना उप महा प्रबंधक दीपक राणा ने बताया कि एक दिन मिल बंद रहने से अगले तीन दिन तक गन्ने के वाहनों का जाम लगा रहता है। मंगलवार को सुबह तक गन्ने का जाम पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।